
सीएम ग्रिड योजना के पहले चरण का कार्य 80 फीसदी पूरा
मोहन नगर जोन में सीएम ग्रिड योजना के पहले चरण का कार्य लगभग 80 फीसदी पूरा हो चुका है। शेष 20 फीसदी कार्य पूरा करने में निगम को तीन माह और लगेंगे। योजना से जल निकासी, सड़कों का चौड़ीकरण और जाम की समस्या में राहत मिलेगी। हालांकि, ग्रैप के कारण काम में रुकावट आ रही है।
ट्रांस हिंडन। मोहन नगर जोन में सीएम ग्रिड योजना के पहले चरण का कार्य लगभग 80 फीसदी पूरा हो चुका है। साथ ही कार्य को करने की समय सीमा भी जनवरी माह में समाप्त हो जाएगी, लेकिन 20 फीसदी कार्य अभी बाकी है। इसे पूरा करने में करीब तीन माह का समय निगम को और चाहिए। इस वजह से लोगों को तीन माह ओर परेशानी झेलनी पड़ेगी। सीएम ग्रिड योजना में शहर की प्रमुख सड़कों को चौड़ा करने, जाम की समस्या को कम करने और जल निकासी व्यवस्था में सुधार का कार्य शामिल है। योजना का पहला चरण मोहन नगर क्षेत्र से शुरू किया गया है।
इसके अंदर 40 करोड़ रुपये की लागत से हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से मोहन नगर तिराहा और रोटरी गोल चक्कर से नागद्वार तक की सड़क को मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह कार्य करीब 80 फीसदी पूरा किया जा चुका है। जनवरी 2026 तक काम पूरा होना चाहिए, लेकिन इसमें और समय लगेगा। तीन माह इसमें और लग सकते हैं। निगम अधिकारियों के अनुसार, मोहन नगर में चल रहे विकास कार्यों को करने में ग्रैप लागू होने के कारण दिक्कतें आ रही हैं। वायु प्रदूषण बढ़ने पर लागू होने वाले ग्रैप नियमों के चलते निर्माण कार्य बार-बार रोकना पड़ रहा है, जिससे कार्य प्रभावित हो रहे है। धूल नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव, निर्माण सामग्री को ढककर रखना और तय समय सीमा में ही काम करने जैसे नियमों का सख्ती से पालन करना पड़ रहा है। इसके चलते कार्य की गति धीमी हो गई है। अब तक सीवर, ड्रेनेज और बिजली के खंभों को शिफ्ट करने का काम लगभग पूरा हो चुका है। डिवाइडर भी लगभग तैयार हो चुके हैं। सड़क को बनाने और पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ बनाने का काम किया जा रहा है। इसके साथ ही सौंदर्यीकरण और साइन बोर्ड लगाने का कार्य भी किया जाना है। तीन माह बाद सीवर, नाला ओवरफ्लो और जाम से राहत मिलेगी इस योजना का काम जारी होने की वजह से फिलहाल रोड पर जगह-जगह पानी भरा है और मिट्टी के ढेर लगे हैं। योजना के पूरा होने पर मोहन नगर जोनल दफ्तर के आसपास के लोगों को सीवर, नाला ओवरफ्लो और जाम की समस्या से तीन माह बाद राहत मिलेगी। योजना के तहत बने नाले और सीवर लाइन को मेन लाइन से जोड़ दिया जाएगा। इससे गंदे पानी की निकासी सुचारू हो सकेगी। इससे बरसात के दौरान होने वाला जलभराव और नालों का ओवरफ्लो बंद होगा। सड़क व्यवस्था सुधरने से क्षेत्र में लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी। सीएम ग्रिड योजना के पहले चरण के कार्य करने के लिए 15 माह का समय तय था। 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है, लेकिन ग्रैप लागू होने से काम फिर रुक गया है। शेष 20 फीसदी काम तीन माह में पूरा कर लिया जाएगा। - देशराज सिंह, अधिशासी अभियंता, निर्माण विभाग, नगर निगम।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




