उदय होते सूर्य को अर्घ्य देकर आज पूरा होगा छठ महापर्व
गाजियाबाद में छठ पूजा का समापन आज उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। सोमवार शाम को श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ शामिल हुए। चार...

गाजियाबाद। आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ का समापन मंगलवार को उदय होते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हो जाएगा। सोमवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य भगवान को अर्घ्य देने के बाद श्रद्धालु विभिन्न घाटों से अपने-अपने घर लौटे। व्रती महिलाओं से लेकर अर्घ्य देने वाले पुरुषों के चेहरे पर छठी मैया का आशीर्वाद नजर आ रहा था। देर रात तक घरों में छठी मैया के गीत गूंजते रहे। आस्था का महापर्व कहे जाने वाले छठ पूजा की शुरुआत 25 से हुई थी, जो आज(मंगलवार) को संपन्न होगी। चारदिवसीय महापर्व में रविवार को शाम को अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को शहर में करीब 120 घाटों पर अर्घ्य दिया गया।
सबसे अधिक भीड़ हिंडन नदी के घाटों पर रही। अर्घ्य देने के बाद सभी श्रद्धालु अपने-अपने घर वापस लौटे। घाट से वापस आने के दौरान सड़कों पर सिर्फ बांस के सूप के साथ लोग ही चारों तरफ नजर आ रहे थे। जो देखने में काफी सुंदर लग रहे थे। घर पहुंचने के बाद सभी घरों में देर रात तक छठी मैया के गीत गूंजते रहे। वहीं कई व्रती महिलाओं ने स्वर्गीय शारदा सिन्हा के सुंदर छठ के गीत गाकर छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त किया। अब आज(मंगलवार) को उगते सूर्य भगवान को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालु दोबारा घाटों पर पहुंचेंगे। इससे सुबह से ही शहर के हिंडन नदी समेत सभी घाटों पर मेला जैसा नजर आएगा। देर रात से ही विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का आना शुरू हो जाएगा। छठ पूजा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें न केवल महिलाएं, बल्कि पुरुष भी पूरी श्रद्धा से भाग लेते हैं। चार दिन तक चलने वाले इस पर्व में व्रती कठोर नियमों का पालन करते हैं। बड़ी संख्या में पुरुषों ने भी दिया अर्घ्य सोमवार शाम को अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए शहर के विभिन्न घाटों पर महिला श्रद्धालुओं के साथ पुरुष श्रद्धालु भी पहुंचे थे। पुरुष श्रद्धालुओं ने भी अर्घ्य देकर अपने परिवार की सुख समृद्धि और बेहतर स्वास्थ्य के लिए कामना की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


