बेकाबू होकर दौड़ी कार, कई लोग बाल-बाल बचे
गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थानाक्षेत्र में गुरुवार को एक कार ने बाइक को साइड मारने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर दौड़ना शुरू कर दिया। इससे तीन लोग चोटिल हो गए। कार सोसाइटी के गेट से टकराकर रुकी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।

गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थानाक्षेत्र के संजयनगर सेक्टर-23 में गुरुवार को बाइक से साइड लगने के बाद कार बेकाबू होकर सड़क पर दौड़ गई। कार को बेकाबू देख लोगों ने भागकर अपनी चान बचाई। हालांकि, तीन लोग कार की चपेट में आकर चोटिल हो गए। गनीमत रही कि कार सोसाइटी के गेट से टकराकर रूक गई, जिसके चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के मुताबिक संजयनगर सेक्टर-23 में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे एक कार पी-ब्लॉक से होते हुए जा रही थी। इसी दौरान कार ने एक बाइक को साइड मार दी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार को बचाने के चक्कर में चालक अपना नियंत्रण खो बैठा।
कार बेकाबू होकर सड़क पर दौड़ने लगी। कार से बचने को लोग इधर-उधर दौड़ने लगे। स्थानीय लोगों के मुताबिक हड़बड़ाहट में चालक से कार सोसाइटी के गेट टकराकर रूक गई। घटना में तीन लोग चोटिल हो गए। इसके बाद काफी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर मधुबन बापूधाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में ले लिया। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य का कहना है कि बाइक से साइ़ड लगने के बाद कार अनियंत्रित हुई थी। कार को संजयनगर निवासी 22 वर्षीय युवक चला रहा था। कार को कब्जे में ले लिया गया है। घटना के संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


