बेकाबू कार ने कंपनी कर्मचारी को रौंदा, हालत गंभीर
गाजियाबाद के वेव सिटी क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने निजी कंपनी के कर्मचारी सागर को टक्कर मार दी। सागर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

-वेव सिटी क्षेत्र में ड्रीम होम सोसाइटी के सामने हुआ हादसा, सीसीटीवी में कैद हुई घटना -युवक को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में कराया गया भर्ती, कार चालक पर केस दर्जगाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। वेव सिटी थानाक्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने निजी कंपनी के कर्मचारी को रौंद दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस ने पीड़ित के चाचा की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शाहपुर बम्हैटा निवासी विक्की ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका भतीजा सागर एक निजी कंपनी में काम करता है।
बीती चार मार्च को शाम करीब साढ़े चार बजे वह अपनी बाइक पर कंपनी से निकल रहा था। इसी दौरान ड्रीम होम टावर-तीन और चार के निकासी गेट के सामने पीछे से तेज गति में आ रही कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सागर सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने सागर को तुरंत मणिपाल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। विक्की का कहना है कि होश में आने के बाद सागर ने परिजनों को मोबाइल से सूचना दी। परिजन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने इलाज में करीब आठ लाख रुपये का खर्च बताया। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजन घायल सागर को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें कार बाइक को रौंदते हुए स्पष्ट दिखाई दे रही है। घटना के संबंध में विक्की ने आठ मार्च को वेव सिटी थाने में शिकायत दी। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


