पेट्रोल पंप से जुड़े लेन-देन के विवाद में 32 लाख की रंगदारी मांगी
मेरठ रोड के आर्य नगर निवासी व्यापारी ललित बिंदल ने बुलंदशहर के दंपती पर रंगदारी और हत्या की धमकी का मामला दर्ज कराया है। व्यापारी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनसे 32 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज किया गया।

-मेरठ रोड स्थित आर्य नगर निवासी व्यक्ति ने बुलंदशहर निवासी दंपती तथा अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए -पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर सिहानी गेट थाने में रंगदारी का केस दर्ज कराया गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। सिहानी गेट थानाक्षेत्र में पेट्रोल पंप से जुड़े पुराने लेन-देन को लेकर रंगदारी और हत्या की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी ने दबंगों पर झूठे दावों के जरिए मोटी रकम वसूलने का आरोप लगाया है। इस संबंध में व्यापारी ने कोर्ट के आदेश पर तीन नामजद तथा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रंगदारी का केस दर्ज कराया है।
मेरठ रोड स्थित न्यू आर्य नगर निवासी 58 वर्षीय व्यापारी ललित बिंदल का कहना है कि उनके एक मित्र प्रवीन कुमार शर्मा बुलंदशहर के मचकौली-खुर्जा रोड पर एनएच-91 स्थित सत्या फिलिंग स्टेशन नाम से पेट्रोल पंप का संचालन करते हैं। बुलंदशहर के गांव कैलावन निवासी राजकुमार शर्मा नामक व्यक्ति की भी इस पंप में कुछ धनराशि लगी हुई थी बीमारी और आर्थिक दिक्कतों के चलते वर्ष 2015 से 2018 के बीच पेट्रोल पंप बंद रहा। इसी दौरान दोनों पक्षों में आपसी विवाद उत्पन्न हो गया। ललित बिंदल के मुताबिक वर्ष 2018 में राजकुमार शर्मा, प्रवीन शर्मा और उनके बीच बैठकर समझौता हुआ, जिसमें 16 लाख रुपये की राशि तय की गई। आरोप है कि यह पूरी रकम राजकुमार शर्मा को दे दी गई और इसके बदले उसने शपथ पत्र के माध्यम से पेट्रोल पंप से अपनी हिस्सेदारी समाप्त करने की घोषणा की। इसके बाद पेट्रोल पंप दोबारा शुरू हुआ और वर्तमान में सुचारू रूप से चल रहा है। ललित बिंदल का आरोप है कि इसके बावजूद लालच में आकर राजकुमार शर्मा और उसके सहयोगी जयभगवान शर्मा ने मई 2025 में कानूनी नोटिस भेजकर झूठा दावा किया कि उन्हें अब तक धनराशि नहीं मिली। इस नोटिस का जवाब उनके अधिवक्ता के माध्यम से दिया गया। इसके अलावा आरोपियों ने एसएसपी बुलंदशहर और थाना कोतवाली देहात में फर्जी शिकायतें कीं, जिन्हें जांच के बाद पुलिस ने निराधार मानते हुए बंद कर दिया। ललित बिंदल का कहना है कि दो जुलाई 2025 की शाम करीब साढ़े छह बजे राजकुमार शर्मा, उसकी पत्नी निकुंज शर्मा, जयभगवान शर्मा और दो अन्य अज्ञात लोग उनके इंडियन ऑयल के गोदाम स्थित कार्यालय पर पहुंचे। वहां आरोपियों ने गाली-गलौज की तथा पेट्रोल पंप से रोजाना लाखों की कमाई का हवाला देते हुए 32 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। साथ ही रकम न देने पर हत्या कराने और दोबारा पेट्रोल पंप पर कब्जा करने की धमकी भी दी। ललित बिंदल के मुताबिक उन्होंने 29 जुलाई 2025 को थाना सिहानी गेट और पुलिस आयुक्त को लिखित शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। थक-हारकर उन्हें कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर तीन जनवरी को सिहानी गेट थाने में राजकुमार वर्मा, उनकी पत्नी निकुंज वर्मा, जयभगवान शर्मा तथा दो अज्ञात के खिलाफ रंगदारी तथा अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना में जो साक्ष्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




