घर से लाखों के जेवर और नगदी चोरी की

Newswrap हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
Follow us on Google News
share

-बेखौफ चोरों ने गोविंदपुरम मंडैया स्थित घर पर धावा बोल घटना को अंजाम दिया

घर से लाखों के जेवर और नगदी चोरी की

गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। गोविंदपुरम इलाके में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह को परिवार सोकर उठा तो घटना का पता चला। वहीं, सूचना मिलते ही कविनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।गोविंदपुरम मंडैया में रहने वाले अरुण कुमार ने कविनगर थाने में शिकायत देकर बताया कि बीती 18 मई की तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच अज्ञात चोर उनके घर में दाखिल हो गए।

चोर घर के स्टोर रूम तक पहुंच गए और वहां रखे बक्से को निशाना बनाया। बक्से में परिवार के जेवरात और नगदी रखी हुई थी, जिसे चोर चोरी कर ले गए। पीड़ित ने बताया कि चोरी हुए सामान में सोने की दो अंगूठी, कानों के एक जोड़ी के कानों की टॉप्स, करीब एक किलो चांदी का गले का सेट, दो जोड़ी पायल, पैरों के बिछुए और 15 हजार रुपये नगद शामिल हैं। चोरी हुए जेवर घर की महिलाओं के उपयोग और पारिवारिक जरूरतों के लिए रखे गए थे। अरुण कुमार के मुताबिक सुबह जब परिवार के सदस्य सोकर उठे तो स्टोर रूम का सामान बिखरा हुआ मिला। बक्सा खुला पड़ा था और उसमें रखे जेवर व नगदी गायब थे। यह देखकर परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। इसके बाद तुरंत डायल-112 पर फोन करके घटना की सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य का कहना है कि शिकायत के आधार पर 31 मई को कविनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरों को चिन्हित करने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।