गुरुद्वारों में श्रद्धाभाव से बैसाखी का पर्व मनाया, कीर्तन दरबार सजे
- कीर्तनी जत्थों ने गुरुओं की महिमा का बखान कर संगत को निहाल किया -

गाजियाबाद, वंदना। शहर के गुरुद्वारों में मंगलवार को श्रद्धाभाव से बैसाखी का पर्व मनाया गया। गुरुद्वारों में कीर्तन दरबार सजे जिसमें शब्दकीर्तन किए गए। कीर्तनी जत्थों ने गुरुओं की महिमा का बखान किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी जगह लंगर लगाया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।श्री गुरु सिंह सभा बजरिया में कीर्तन दरबार सजा। हजूरी रागी भाई साहिब संत सिंह, भाई साहिब कोमल सिंह, बीबी सिमरन कौर और स्त्री सत्संग ने कीर्तन से संगत को निहाल किया। इस दौरान शहर विधायक संजीव शर्मा भी अपने साथियों के साथ माथा टेकने पहुंचे। कार्यक्रम में गुरुद्वारे के प्रधान सरदार इंद्रजीत सिंह टीटू, महामंत्री सरदार एसपी सिंह ओबराय, सरदार हरमीत सिंह, हरमिंद्र सिंह ग्रोवर, कुलविंद्र सिंह और परमजीत सिंह आदि ने सहयोग दिया।
गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार राजनगर में भाई महीपाल सिंह, बीबी ट्विंकल गाबा अवल, बीबी गुरमीत कौर खालसा और भाई सुरेंद्र सिंह ने गुरु वाणी से संगत को निहाल किया, वहीं खालसा पंथ के इतिहास पर प्रकाश डाला। गुरुद्वारे की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। गुरुद्वारे के प्रधान सरदार एसएस पुरी, सचिव सुरेंद्र जीत सिंह, कोषाध्यक्ष गुलशन अनेजा, संरक्षक परमजीत सिंह सलूजा, गगनदीप सिंह आदि ने सहयोग दिया।प्रताप विहार स्थित श्री दशमेश दरबार गुरुद्वारा में विधायक संजीव शर्मा, डिप्टी मेयर परवीन चौधरी, सरदार एसपी सिंह, पार्षद संतोष राणा, ओमप्रकाश ओड, धर्मेंद्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष मयंक गोयल, महासचिव गौरव चोपड़ा, पंकज भारद्वाज ने माथा टेका। इस अवसर पर मुख्य सेवादार सरदार हरप्रीत सिंह जग्गी ने सभी को खालसा साजना दिवस की बधाई दी। गुरुद्वारा जी ब्लॉक कविनगर में आयोजित कीर्तन दरबार में श्रद्धालुओं ने कीर्तन किया। प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष रविंद्र सिंह जौली, अजय चोपड़ा आदि भी मौजूद रहे। शहर के अन्य गुरुद्वारों में भी कीर्तन दरबार सजे और सभी गुरुद्वारों में गुरु का लंगर अटूट बरता।गुरुओं के मार्ग पर चलने का संदेश दिया:गुरुद्वारा भूड़ भारत नगर में खालसा साजना दिवस पर कीर्तन दरबार का आयोजन हुआ। कीर्तन दरबार में गुरुवाणी से संगत निहाल हो गई। भाई अमरजीत सिंह, भाई गुरदीप सिंह और भाई गुरप्रीत सिंह (मुक्तसर वाले) ने गुरबाणी का अमृतमयी कीर्तन किया। गुरुद्वारा के प्रधान सरदार जोगिंदर सिंह ने कहा कि गुरुओं के बताए मार्ग पर चलकर ही हम अपने जीवन को धन्य बना सकते हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


