ऑटो पलटने से दो की मौत
क्रॉसिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र में हुई घटना डिवाइडर से टकराकर ऑटो पलट गया था गाजियाबाद,

क्रॉसिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र में हुई घटना डिवाइडर से टकराकर ऑटो पलट गया था गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। क्रॉसिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र में बहरामपुर अंडरपास पर बुधवार सुबह डिवाइडर से टकराकर ऑटो पलट गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वाले एक युवक के भाई ने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना जुनावई जिला संभल के गांव रिवारा निवासी रोहित कुमार का कहना है कि वह वर्तमान में सिद्धार्थ विहार में रहते हैं। 31 दिसंबर को तड़के करीब साढ़े पांच बजे उनका 23 वर्षीय भाई अंकित कुमार गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से ऑटो से नोएडा जा रहा था।
ऑटो में उनके भाई के अलावा तीन सवारी और थीं। इनमें राजेश, पवन और अजय शामिल थे। आरोप है कि ऑटो चालक लापरवाही से तेज रफ्तार में ऑटो चला रहा था। क्रॉसिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र के बहरामपुर अंडरपास के नजदीक पहुंचने पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और ऑटो डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इस हादसे में चारों लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला एमएमजी अस्पताल ले जाया गया। रोहित कुमार के मुताबिक अस्पताल में उपचार के दौरान उनके भाई और राजेश की मौत हो गई, जबकि अन्य दो की हालत भी गंभीर बनी हुई है। रोहित का कहना है कि उनका भाई अंकित अपने साथियों के साथ काम पर जाने के लिए निकला था, लेकिन ऑटो चालक की लापरवाही से वह हादसे का शिकार हो गया। रोहित ने थाने में शिकायत देकर ऑटो चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल का कहना है कि आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




