Hindi NewsNcr NewsGhaziabad NewsAttempted Murder of Businessman in Ghaziabad Car Ramming and Assault Incident
कारोबारी को कार से कुचलने की कोशिश, लाठी-डंडों से पीटा

कारोबारी को कार से कुचलने की कोशिश, लाठी-डंडों से पीटा

संक्षेप:

गोविंदपुरम चौकी के पास हुई घटना, हमलावरों पर तमंचा तानकर हत्या की धमकी देने का

Jan 14, 2026 07:57 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गाज़ियाबाद
share Share
Follow Us on

गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। गोविंदपुरम चौकी के पास मंगलवार रात कार सवारों द्वारा कारोबारी को पहले कार से कुचलने की कोशिश और फिर नीचे गिराकर लाठी-डंडों से अधमरा करने का मामला सामने आया है। भीड़ ने पीछा किया तो आरोपी कार छोड़कर फरार हो गए। अस्पताल में भर्ती युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। कविनगर पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। कविनगर थानाक्षेत्र के कैलाशपुरम निवासी राजेश कुमार का रईसपुर के पास जैविक खाद का प्लांट है, जहां वह अपने बेटे के साथ कारोबार संभालते हैं। परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब साढ़े सात बजे उनका बेटा ऋषि गोविंदपुरम के पास सड़क किनारे एक ठेले से मूंगफली खरीद रहा था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

उसी दौरान एनडीआरएफ रोड की ओर से तेज रफ्तार कार आई, जिसमें आरोपी आयुष तेवतिया अपने दो साथियों के साथ सवार था। आरोप है कि कार को सीधे ऋषि की ओर मोड़ते हुए उसे कुचलने का प्रयास किया गया। कार की टक्कर से ऋषि उछलकर सड़क पर गिर पड़ा, लेकिन इसके बावजूद चालक ने ब्रेक नहीं लगाया। बताया जा रहा है कि ऋषि करीब 10 फीट तक कार के साथ घसीटता चला गया। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग सहम गए। कार रुकते ही तीनों आरोपी बाहर निकले और ऋषि पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। हमलावरों ने तमंचे की बट से भी उसके सिर और शरीर पर प्रहार किए। इस दौरान वे गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देते रहे। खुद को इलाके का दबंग बता रहे थे घटना के दौरान ऋषि की चीख सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों को जुटता देखकर आरोपियों ने तमंचा निकाल लिया और हवा में लहराते हुए खुद को इलाके का दबंग बताने लगे। इससे कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। हालांकि, जैसे-जैसे भीड़ बढ़ती गई, हमलावर घबरा गए और कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। गुस्साए लोगों ने मौके पर खड़ी कार के शीशे तोड़ दिए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोविंदपुरम पुलिस चौकी और कविनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल ऋषि को तुरंत निजी अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। चिकित्सकों के अनुसार, ऋषि की कमर और दोनों पैरों में पांच जगह हड्डियां टूट चुकी हैं। सिर और शरीर पर भी गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल युवक को आईसीयू में भर्ती कर निगरानी में रखा गया है। गाड़ी से शराब की बोतलें बरामद हुईं पुलिस ने घटनास्थल से हमलावरों की कार को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। तलाशी के दौरान कार से शराब की बोतलें और दो डंडे बरामद हुए हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी वारदात के समय नशे की हालत में थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि फरार होते समय आरोपी तमंचा लहराते हुए भविष्य में हत्या करने की धमकी भी देते रहे। परिजनों का आरोप है कि मुख्य आरोपी आयुष तेवतिया निवासी सदरपुर पहले भी इलाके के युवकों को धमका चुका है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी कहासुनी हो चुकी थी और इसी रंजिश के चलते मंगलवार रात सुनियोजित तरीके से यह हमला किया गया। पुलिस ने शिकायत और असल घटना में अंतर बताया एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य का कहना है कि 13 जनवरी की रात करीब आठ बजे एनडीआरएफ रोड पर कैलाशपुरम स्थित पीपल वाली गली में दो वाहनों के बीच टक्कर को लेकर विवाद की सूचना मिली। मौके पर मौजूद लोगों और सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि ऋषि चौहान व आयुष तेवतिया के बीच कार टकराने को लेकर कहासुनी हुई। आयुष तेवतिया वाहन मोड़कर निकलने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान ऋषि चौहान गाड़ी से उतरकर उसकी ओर बढ़े। वाहन हटाने के प्रयास में आयुष तेवतिया की गाड़ी से ऋषि चौहान को टक्कर लग गई, जिससे वह घायल हो गए। एसीपी का कहना है कि सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। साथ ही संबंधित वाहन को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया गया। शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया गया है। आयुष तेवतिया की तलाश की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।