बिजली कटने पर सहायक अभियंता को हत्या की धमकी
- अज्ञात व्यक्ति ने सरकारी नंबर पर फोन कर अभद्रता की - सहायक अभियंता की

गाजियाबाद, योगेन्द्र सागर। प्रताप विहार क्षेत्र में बिजली लाइन में फाल्ट के दौरान विभागीय कार्य कर रहे विद्युत निगम के सहायक अभियंता को फोन पर गाली-गलौज और हत्या की धमकी देने का मामला सामने आया है। सहायक अभियंता की शिकायत पर विजयनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। साउथ साइड प्रताप विहार-द्वितीय में 11 केवी एवं एलटी नेटवर्क पर तैनात सहायक अभियंता (तकनीकी) अनिल कुमार चौरसिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती 15 मई की सुबह करीब पौने सात बजे उन्हें अवर अभियंता से लाइन में फाल्ट होने की सूचना मिली थी।
सूचना पर वह अपने सहायकों के साथ मौके पर पहुंचे और बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए खराबी ठीक कराने में जुट गए। इसी दौरान सुबह करीब साढ़े सात बजे उनके विभागीय मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। उन्होंने जब लाइन में फाल्ट होने और मरम्मत में कुछ समय लगने की बात कही तो आरोपी आगबबूला हो गया।आरोप है कि उसने फोन पर बिजली विभाग और कर्मचारियों को मां-बहन की गालियां दीं और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। सहायक अभियंता का कहना है कि लोक सेवक के रूप में विभागीय कार्य के दौरान इस तरह की अभद्रता और धमकी से मानसिक तनाव उत्पन्न हुआ तथा मौके पर चल रहे कार्य में भी बाधा पहुंची। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ आगामी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


