
जिले के युवाओं को एआई की मदद से रोजगार मिलेगा
- युवाओं को अपने घर के पास ही मिलेगा रोजगार -युवा अपना आवेदन कर पोर्टल
- नोएडा मेरठ दिल्ली जैसे शहरों की नहीं लगानी होगी दौड़ जिला प्रशासन बनवा रहा पोर्टल, युवा अपना आवेदन कर पोर्टल पर योग्यता अनुसार काम पा सकेंगे गाजियाबाद, संवाददाता। जिले के युवा अब आसानी से रोजगार पा सकेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन एक पोर्टल बनवा रहा है। यह पोर्टल एआई से लैस होगा। इसके माध्यम से जिले के युवाओं को नौकरी के लिए नोएडा, मेरठ या दिल्ली जैसी दूर जगहों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। इस पोर्टल के माध्यम से युवा अपनी योग्यता, अनुभव और रुचि के अनुरूप अपने ही घर के पास रोजगार पा सकेंगे। पोर्टल पर युवा के साथ कंपनियां भी अपना प्रोफाइल बनांएगी।
एआई से लैस पोर्टल पर कंपनियां युवाओं से सीधा संपर्क कर उनको रोजगार दे सकेंगी। यह पोर्टल एक एनजीओ द्वारा बनाया जा रहा है। इसके तहत हर युवा को केवल अपने मोबाइल या कंप्यूटर से पोर्टल पर जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन दर्ज करते ही पोर्टल का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम उम्मीदवार की शैक्षणिक योग्यता, कौशल और उपलब्ध अवसरों का विश्लेषण करेगा। इसके बाद एआई युवाओं का प्रोफाइल कंपनियों की आवश्यकताओं से मैच करके सबसे उपयुक्त नौकरी की सिफारिश करेगा। इससे न सिर्फ युवाओं का समय और पैसा बचेगा, बल्कि रोजगार पाने की संभावना भी कई गुना बढ़ जाएगी। बड़े शहरों की तरफ रुख नहीं करना होगा :जिले के ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों के युवाओं को योग्यता होने के बाद भी जानकारी के अभाव के कारण रोजगार पाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। एआई पोर्टल बनने के बाद युवाओं को बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी होगी। युवाओं को अपने घर के पास ही रोजगार मिल सकेगा। कंपनियों को काम के लिए योग्य युवा मिलेंगे : जिले में बड़ी संख्या में ऐसे उद्योग और संस्थान हैं, जिन्हें स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित और योग्य युवाओं की आवश्यकता रहती है, लेकिन उचित प्लेटफार्म न होने के कारण कई बार कंपनियां बाहर से कर्मचारी बुलाती थीं और स्थानीय युवा अवसरों से वंचित रह जाते थे। एआई आधारित यह नया पोर्टल इस समस्या को दूर करेगा। कंपनियां भी अपनी आवश्यकताएं पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगी, जिससे भर्ती की प्रक्रिया तेज और पारदर्शी होगी। कंपनियों को योग्य युवा मिलने के साथ-साथ युवाओं को अपने घर के पास ही रोजगार मिल सकेगा। वर्जन पोर्टल के शुरू होने के बाद युवाओं को काफी लाभ मिलेगा, उन्हें अपनी पसंद और अनुभव के अनुसार रोजगार मिल सकेगा। जिससे वे अपने भविष्य को बेहतर और सुरक्षित बना सकेंगे। अभिनव गोपाल , मुख्य विकास अधिकारी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




