ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR गाज़ियाबाद आरोप : अपहृत महिला की हत्या कर शव कुरुक्षेत्र में फेंका

आरोप : अपहृत महिला की हत्या कर शव कुरुक्षेत्र में फेंका

गाजियाबाद। वरिष्ठ संवाददाता डासना से सवा महीने पहले अपहृत 32 वर्षीय महिला शबाना...

आरोप : अपहृत महिला की हत्या कर शव कुरुक्षेत्र में फेंका
हिन्दुस्तान टीम,गाज़ियाबादSat, 17 Oct 2020 07:00 PM
ऐप पर पढ़ें

गाजियाबाद। वरिष्ठ संवाददाता

डासना से सवा महीने पहले अपहृत 32 वर्षीय महिला शबाना का शव हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मिला है। शबाना का अपहरण संदिग्ध परिस्थितियों में 7 सितंबर को हुआ था। परिजनों ने 8 सितंबर को ही मसूरी थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गुरुवार को शबाना की हत्या की जानकारी होने पर परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले एक डॉक्टर पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि आफताब कॉलोनी डासना में रहने वाले यामीन की पत्नी शबाना पिछले महीने सात सितंबर की दोपहर 2 बजे घर से बाजार जाने के लिए निकली थी लेकिन रात 9 बजे तक वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और अगले दिन थाने में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज करा दी। परिजनों ने बताया कि गुरुवार को उन्हें पुलिस से जानकारी मिली कि शबाना का शव 8 सितंबर को ही कुरूक्षेत्र में मिला था। वहां की पुलिस ने शव की पहचान नहीं होने की दशा में समुदाय विशेष की वेषभूषा के अधार पर 72 घंटे बाद शव को सुपुर्दे खाक करा दिया था। अब इसकी जानकारी मिलने पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया है। परिजनों ने इस वारदात के लिए पड़ोस में क्लीनिक संचालित करने वाले एक डॉक्टर इस्माइल पर आरोप लगाया है। कहा कि इस्माइल ने जहरीले इंजेक्शन देकर शबाना की हत्या की और शव को कुरूक्षेत्र में ठिकाने लगा दिया। मसूरी थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी को हत्या के मुकदमे में तब्दील कर दिया गया है। नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

शबाना के घर था आरोपी का आना-जाना

परिजनों का आरोप है कि आरोपी डॉक्टर झोलाछाप है और उसका उनके घर काफी आनाजाना था। आरोपी ने बहाने से शबाना को बुलाकर अगवा किया और फिर उसे मौत के घाट उतार दिया। परिजनों के मुताबिक शबाना की शादी 15 साल पहले हुई थी। वह चार बच्चों की मां थी। उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि हरियाणा जाकर घटना की जानकारी जुटाई जाएगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें