
घर के बाहर शराब पीने से टोकने पर छात्र को गोली मारी
शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय छात्र दयास चौधरी को घर के बाहर शराब पीने से रोकने पर बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उसके हाथ को चीरते हुए निकली। घायल दयास को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में हुई घटना, जिम से घर लौटते समय आरोपियों ने हमला किया ट्रांस हिंडन, संवाददाता। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र की डीएलएफ दिलशाद एक्सटेंशन कॉलोनी में शुक्रवार रात घर के बाहर शराब पीने से रोकने पर दबंगों ने 19 वर्षीय छात्र को गोली मार दी। दो गोलियां चलाई गई, जिसमें दूसरी गोली हथेली को चीरती हुई निकल गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। छात्र के पिता ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। डीएलएफ दिलशाद एक्सटेंशन में रहने वाले शैलेश चौधरी बैंक में कर्मचारी हैं। शैलेश के अनुसार उनका बेटा दयास चौधरी निजी कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है।
उसे बॉडी बिल्डिंग का शौक है। शुक्रवार की रात लगभग दस बजे वह जिम से निकलने के बाद होटल से खाना लेकर घर लौट रहा था। उसके घर के बाहर कॉलोनी में ही किराये पर रहने वाले चंदू, रिहान, सनी, आमिर और उसका भाई रिक्शे में बैठकर शराब पी रहे थे। शराब पीने के साथ पांचों गाली गलौज और हंगामा भी कर रहे थे। उनके बेटे ने उन लोगों को घर के बाहर शराब पीने से मना किया और कुछ दूर जाकर ऐसा करने के लिए कहा। इस पर सभी ने दयास के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इस पर जब उनके बेटे ने विरोध किया और वहां से जाने के लिए कहा तो पांचों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगे। मारपीट के दौरान ही आमिर ने तमंचा निकाल लिया और उनके बेटे पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली दयास को नहीं लगी, लेकिन आमिर ने फिर से तमंचा लोड किया और दयास पर गोली चला दी। उनके बेटे ने आमिर को रोकने लिए बायां हाथ आगे किया था, जिसके चलते गोली उसकी हथेली को चीरते निकल गई। गोली लगते ही दयास लहूलुहान होकर गिर गया। दयास को गिरता देखकर सभी हमलावर वहां से भाग निकले। गोली की आवाज सुनकर वह घर से बाहर निकले तो बेटा लहूलुहान पड़ा था। डायल 112 पर फोन किया और बेटे को लेकर दिल्ली के जीटीबी अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने बताया कि हथेली की हड्डियां पूरी तरह से चकनाचूर हो चुकी है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। शैलेश चौधरी ने कहा कि जिन लोगों ने उनके बेटे को गोली मारी है, वे गिरोह चलाते हैं और यहां किराए पर रहते हैं। छात्र को गोली मारने के मामले में पांच लोगों को नामजद किया गया है। सभी की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। अतुल कुमार सिंह, एसीपी शालीमार गार्डन

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




