
गाजियाबाद में 8 दिन रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, 17 से 24 अक्टूबर तक इन रास्तों से बचें
संक्षेप: अगर आप गाजियाबाद में रहतें हैं या फिर यहां होकर गुजरते हैं तो अब सावधान हो जाएं। आगामी त्योहारों धनतेरस, दीपावली और भैया दूज के दौरान शहर में बढ़ने वाले ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने कई रास्तों पर डायवर्जन प्लान जारी किया है।
अगर आप गाजियाबाद में रहतें हैं या फिर यहां होकर गुजरते हैं तो अब सावधान हो जाएं। आगामी त्योहारों धनतेरस, दीपावली और भैया दूज के दौरान शहर में बढ़ने वाले ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने कई रास्तों पर डायवर्जन प्लान जारी किया है।

भारी व्यवसायिक वाहनों का विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन 17 अक्टूबर की दोपहर 12 बजे से 24 अक्टूबर की सुबह 11 बजे तक रहेगा। वहीं ऑटो और ई-रिक्शा का डायवर्जन 18 अक्टूबर की सुबह 8 बजे से 22 अक्टूबर तक रहेगा।
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाम की स्थिति पैदा न हो और नागरिकों को आवागमन में असुविधा न हो, इसलिए भारी और हल्के वाहनों के संचालन पर कई मार्गों पर रोक रहेगी। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर डायवर्जन व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है। नागरिकों से अनुरोध है कि अनावश्यक जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। किसी भी यातायात संबंधी जानकारी या सहायता के लिए ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9643322904 पर संपर्क किया जा सकता है।
तीन स्थानों पर अस्थायी पार्किंग बनाईं : डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि त्योहारी सीजन में भारी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजार में आते हैं। वाहनों को खड़ा कराने के लिए तीन जगह अस्थायी पार्किंग बनाई गई है। पहली अस्थायी पार्किंग घंटाघर रामलीला मैदान में, दूसरी अस्थायी पार्किंग रमतेराम रोड स्थित नगर निगम के कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स में और तीसरी अस्थायी पार्किंग अंबेडकर रोड स्थित नेहरू युवा केंद्र में बनाई गई है।
भारी वाहनों के लिए डायवर्जन
● हापुड़ तिराहा से घंटाघर की ओर भारी वाहन का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन मेरठ तिराहा से एएलटी होते हुए गंतव्य तक जा सकेंगे।
● साजन मोड़ से चौधरी मोड़ की ओर भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें साजन मोड़ से लोहा मंडी, हापुड़ चुंगी होते हुए जाना होगा।
● लालकुआं से हापुड़ तिराहा और चौधरी मोड़ से पुराना बस अड्डा के बीच रोडवेज और सिटी बसों का परिचालन बंद रहेगा। गोशाला फाटक से हापुड़ तिराहा, घंटाघर की ओर भारी वाहन नहीं जा सकेंगे
ई-रिक्शा और ऑटो इन मार्गों पर नहीं जा सकेंगे
● पुराना बस अड्डा से चौधरी मोड़ के बीच ऑटो संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा
● दिल्ली जूस कॉर्नर से दिल्ली गेट, मालीवाड़ा चौराहा, जस्सीपुरा और तुराब नगर मार्केट की ओर ई-रिक्शा पर पूर्ण रोक रहेगी
● मोहननगर से लालकुआं और लालकुआं से मोहननगर के बीच चलने वाले ऑटो केवल ठाकुरद्वारा (हापुड़ तिराहा) फ्लाईओवर के ऊपर से ही जा सकेंगे।





