रोशन होगा गाजियाबाद, 25 करोड़ से सुधरेगी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, हिंडन एयरपोर्ट तक लगेंगे डिजाइनर पोल

Apr 09, 2026 09:49 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
share

Ghaziabad News : गाजियाबाद में 25 करोड़ रुपये की लागत से शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की योजना बनाई गई है। मॉनसून से पहले सभी मुख्य सड़कों को जगमग किया जाएगा।

रोशन होगा गाजियाबाद, 25 करोड़ से सुधरेगी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, हिंडन एयरपोर्ट तक लगेंगे डिजाइनर पोल

Ghaziabad News : गाजियाबाद में नगर निगम ने शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 25.62 करोड़ रुपये की योजना बनाई है। इसके तहत सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और हिंडन एयरपोर्ट रोड को आधुनिक लाइटों से जगमग करने पर जोर दिया गया है। मेयर की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस योजना को मंजूरी मिल गई है। टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। मॉनसून से पहले सभी मुख्य सड़कों को जगमग किया जाएगा।

शहर की कई सड़कों पर स्ट्रीट लाइट खराब है तो वहीं कुछ मार्गों पर लाइट ही नहीं लगी हैं। इसको देखते हुए नगर निगम ने पूरे शहर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने की योजना बनाई है। निगम उद्देश्य आंधी व बारिश के समय पावर कट होने से शहर में अंधेरे की समस्या को खत्म करना है। इस योजना के तहत सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। इसके लिए सार्वजनिक स्थलों पर लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से 18 वॉट की एलईडी सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इससे बिजली की खपत में कमी आएगी और लंबे समय में नगर निगम के खर्च में भी कमी होगी। इसके अलावा, प्रमुख चौराहों और खुले क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी के लिए 1.13 करोड़ रुपये की लागत से सोलर हाईमास्क लाइटें लगाई जाएंगी। इससे रात के समय सफर करने वाले लोगों को राहत मिलेगी और अंधेरे के कारण होने वाले हादसों में कमी आएगी। वहीं हिंडन एयरपोर्ट रोड के कायाकल्प को भी इस योजना में प्राथमिकता दी गई है।

डबल पोल लगाए जाएंगे

एयरपोर्ट की ओर जाने वाले मार्ग को आधुनिक और आकर्षक बनाने के लिए डबल पोल लगाए जाएंगे और 63 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। सिकंदरपुर पुलिस चौकी से लेकर सिकंदरपुर हवाई अड्डा फ्लाईओवर तक के हिस्से में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से सजावटी पोल और डिजाइनर लाइटें लगाई जाएंगी। शहर के अन्य प्रमुख मार्गों को भी इस योजना के तहत शामिल किया गया है। घंटाघर से चौधरी मोड़, एनएच 9 से डायमंड फ्लाईओवर और मेरठ तिराहे से डीपीएस कट तक डेकोरेटिव लाइटें लगाई जाएगीं। इससे इन व्यस्त मार्गों पर रात्रि के समय सफर करने वालों को सहूलियत मिलेगी।

फसाड लाइटिंग की जाएगी

वहीं, इंदिरापुरम और वसुंधरा जैसे विकसित रिहायशी क्षेत्रों में लाइटों के संचालन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए 50 नए ऑटो टाइमर स्विच लगाए जा रहे हैं, जिससे लाइटें अपने-आप चालू और बंद हो सके। नगर निगम मुख्यालय को भी इस योजना के तहत आधुनिक स्वरूप देने की तैयारी है। यहां 1.50 करोड़ रुपये की लागत से फसाड लाइटिंग की जाएगी, जिससे भवन का बाहरी स्वरूप आकर्षक और भव्य नजर आएगा।

सुरक्षा, बचत और सौंदर्य का संतुलन

निगम अधिकारियों का कहना है कि इस योजना से शहर न केवल जगमग होगा, बल्कि ऊर्जा की बचत, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा के मानकों में भी सुधार होगा। बेहतर पथ प्रकाश व्यवस्था से रात के समय अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और लोगों को सुरक्षित माहौल मिलेगा।

आस कुमार, प्रभारी प्रकाश, ''शहर को जगमग करने के लिए 25 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है। इसकी टेंडर प्रक्रिया को भी पूरा कर लिया गया है। मॉनसून से पहले कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।