
गाजियाबाद में फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ कार गिरी, पिता की मौत; हादसे की सामने आई वजह
पुलिस के अनुसार कार तेज रफ्तार में थी और सिहानी गेट थाने के सामने फ्लाईओवर पर अचानक अनियंत्रित हो गई। हादसे में पिता की मौत हो गई और बेटा घायल हो गया।
गाजियाबाद में तेज रफ्तार कार सिहानी गेट थाने के सामने फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़कर पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर में जा गिरी। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ। पुलिस का कहना है कि नींद की झपकी हादसे की प्रमुख वजह प्रतीत हो रही है।
सोमवार तड़के करीब साढे तीन बजे अचानक आई तेज आवाज से आसपास के लोग चौंक गए। पुलिस के अनुसार कार तेज रफ्तार में थी और सिहानी गेट थाने के सामने फ्लाईओवर पर अचानक अनियंत्रित हो गई। कार लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फीट नीचे पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर में जा गिरी। जोरदार टक्कर के कारण कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई।
पुलिस के मुताबिक कार में संजय नगर सेक्टर-23 के जागृति विहार निवासी प्रिंस और उनके पिता राकेश सवार थे। कार को प्रिंस चला रहा था। हादसे के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को गंभीर हालत में यशोदा अस्पताल भेजा गया।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि इलाज के दौरान राकेश ने दम तोड़ दिया, जबकि बेटा प्रिंस फिलहाल खतरे से बाहर है। एसीपी का कहना है कि कार चालक को अचानक नींद की झपकी आने से हादसा होने का अंदेशा है।





