चुन्नी से गला घोंटा, सिर पर कुकर मारा; गाजियाबाद में मकान मालकिन की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्या-क्या
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की सोसाइटी में किरायेदार से किराया मांगने गई मकान मालकिन की हत्या सिर पर कुकर से हमला कर की गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, गंभीर चोट के चलते अधिक खून बहना मौत का कारण बना। हालांकि, मौत से पहले गला घोंटने की पुष्टि भी हुई है।

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की ओरा कायमेरा सोसाइटी में किरायेदार से किराया मांगने गई मकान मालकिन दीपशिखा शर्मा की हत्या सिर पर कुकर से हमला कर की गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, गंभीर चोट के चलते अधिक खून बहना मौत का कारण बना। हालांकि, मौत से पहले गला घोंटने की पुष्टि भी हुई है।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन की ओरा कायमेरा सोसाइटी के एम-ब्लॉक में रहने वाली दीपशिखा शर्मा दादरी स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के एडमिन विभाग में कार्यरत थी। उनके पति उमेश कुमार शर्मा फरीदाबाद की एक केमिकल कंपनी में जीएम के पद पर हैं। दंपति की एक बेटी दिल्ली में नौकरी करती है। दीपशिखा का सोसाइटी के ही एफ-ब्लॉक में एक अन्य फ्लैट है, जिसे उन्होंने 18 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति गुप्ता को दे रखा था। किरायेदार दंपति ने बुधवार रात फ्लैट मालकिन 48 वर्षीय दीपशिखा की हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि दीपशिखा शर्मा के सिर पर कुकर से वार किया गया था। इसके अलावा रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि घटना से पहले उनका गला दबाया गया और शरीर पर चोटों के निशान पाए गए। हालांकि, मौत का प्राथमिक कारण सिर में आई गंभीर चोट और उससे हुआ अत्यधिक रक्तस्राव है।
दोनों आरोपियों को जेल भेजा : एसीपी नंदग्राम ने बताया कि जय गुप्ता पहले ट्रांसपोर्ट का काम करता था, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते वह पिछले करीब पांच महीनों से किराया नहीं दे पा रहा था, जबकि दीपशिखा कई बार किराया मांग चुकी थीं। बुधवार को दीपशिखा दो बार किराया मांगने आरोपी दंपति के फ्लैट पर गई थी। कहासुनी के बाद दंपति ने पहले चुन्नी से उनका गला घोंटा और फिर कुकर से सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी।





