
गाजियाबाद में खौफनाक हादसा; फ्रिज में आग, 6 साल की बच्ची की मौत, मां झुलसी
गाजियाबाद जिले की एक कॉलोनी में एक फ्लैट में फ्रिज में आग लगने से एक 6 साल के बच्ची की मौत हो गई। वजीराबाद-गाजियाबाद मार्ग पर तुलसी निकेतन कॉलोनी में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात यह घटना हुई।
गाजियाबाद की एक कॉलोनी में एक फ्लैट में फ्रिज में आग लगने से छह साल की एक बच्ची की मौत हो गई जबकि उसकी मांग गंभीर रूप से जख्मी हो गई। पुलिस ने शनिवार को बताया कि घटना शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात करीब ढाई बजे वजीराबाद-गाजियाबाद रोड स्थित तुलसी निकेतन कॉलोनी के एक अपार्टमेंट में हुई। फ्रिज में आग लगने से निकले जहरीले धुएं से 6 साल की बच्ची की मौत हो गई जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर जब एक टीम और फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंची तो फ्लैट का दरवाजा बाहर से बंद था। इसके बाद फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़ा और देखा कि फ्रिज जल रहा था। कमरा पूरी तरह धुएं से भरा था। आग बुझाने के बाद उन्होंने पाया कि एक लड़की और उसकी मां फर्श पर बेहोश पड़ी थीं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि दोनों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया। उसका गुरु तेग बहादुर अस्पताल के डॉक्टरों ने छह साल की बच्ची साइना को मृत घोषित कर दिया जबकि उसकी मां सब्बी परवीन उर्फ पिंकी (30) का इलाज चल रहा है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
महिला का पति मोहम्मद जाकिर ऑटो-रिक्शा चालक है। जाकिर ने शुक्रवार रात काम के लिए दिल्ली जाते समय बाहर से कमरे का दरवाजा बंद कर दिया था। पुलिस ने बताया कि परिवार दो दिन पहले ही किराए के फ्लैट में शिफ्ट हुआ था। अपर पुलिस आयुक्त अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फ्लैट के मालिक ने बिजली का बिल नहीं भरा था, इसलिए बिजली कटी हुई थी। हालांकि, आग लगने की असली वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है।





