
गाजियाबाद में दिवाली बाद लागू होंगे नए सर्किल रेट, जानें इस बार कितने बढ़ेंगे दाम
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में सर्किल रेट बढ़ाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिला प्रशासन ने नई दरों का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। उम्मीद है कि दिवाली के बाद जिले में नए सर्किल रेट लागू हो जाएंगे।
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में सर्किल रेट बढ़ाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिला प्रशासन ने नई दरों का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। उम्मीद है कि दिवाली के बाद जिले में नए सर्किल रेट लागू हो जाएंगे।

राजस्व विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नई दरों में 10 से 40 प्रतिशत तक की वृद्धि प्रस्तावित की गई है। यह वृद्धि आवासीय, वाणिज्यिक और कृषि भूमि सहित तीनों श्रेणियों के लिए अलग-अलग निर्धारित की गई है। बढ़े हुए सर्किल रेट से सरकार को राजस्व में बढ़ोतरी होगी, वहीं संपत्ति खरीदने वालों को स्टांप शुल्क में अधिक राशि चुकानी पड़ेगी।
53 आपत्तियां आईं, ज्यादातर निस्तारित : नए सर्किल रेट के प्रस्ताव पर कुल 53 आपत्तियां आई थीं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण किया जा चुका है। केवल हरनंदीपुरम क्षेत्र से जुड़ा मामला ही अभी विचाराधीन है। राजस्व विभाग का कहना है कि शासन से दिशानिर्देश मिलते ही इस पर निर्णय लेकर नई दरें अधिसूचित कर दी जाएंगी।
10 से 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी : सूत्रों के अनुसार आवासीय क्षेत्रों में सर्किल रेट में औसतन 10 से 25 प्रतिशत, जबकि वाणिज्यिक क्षेत्रों में 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की जा रही है। ग्रामीण इलाकों में कृषि भूमि के सर्किल रेट में भी मामूली बढ़ोतरी की संभावना है।
हरनंदीपुरम को लेकर विवाद
जिला प्रशासन के अनुसार, हरनंदीपुरम क्षेत्र में कुछ खसरा नंबरों के सर्किल रेट को लेकर विवाद बना हुआ है। इन खसरा नंबरों पर दरें नहीं बढ़ाई गई हैं, क्योंकि संबंधित भूमि पर हरनंदीपुरम को बसाना है। इन खसरों की जमीन का जीडीए को अधिग्रहण करना है। इसके लिए प्रशासन ने पहले ही तैयारी कर ली थी। अब प्रशासन ने इस पर शासन से गाइडलाइन मांगी है, जिसके बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।





