काम की बात: गाजियाबाद में यहां बनेगा 1.2 KM लंबा नया 4 लेन फ्लाईओवर, नवरात्र में शुरू होगा काम, इन इलाकों में घटेगा जाम

हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
share

गाजियाबाद शहर के लिए अच्छी खबर है। नवरात्र में हापुड़ चुंगी फ्लाईओवर का निर्माण शुरू होने जा रहा है। 1.2 किलोमीटर लंबे इस 4 लेन फ्लाईओवर को बनाने में करीब 125 करोड़ की लागत आएगी। 

New flyover construction - AI Generated Representative image
नए फ्लाईओवर का निर्माण - AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर

गाजियाबाद में हापुड़ चुंगी पर फ्लाईओवर का निर्माण नवरात्र में शुरू होगा। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने फ्लाईओवर बनाने के लिए एजेंसी का चयन कर लिया है, जिसे अब वर्कआर्डर जारी किया जाएगा। इसके बनने से हापुड़ चुंगी समेत आसपास के क्षेत्र में जाम की समस्या दूर हो सकेगी।

गाजियाबाद में जाम की समस्या है, जिसमें हापुड़ चुंगी मुख्य जाम पॉइंट है। यहां सुबह व शाम के वक्त सबसे अधिक जाम रहता है। दिल्ली-मेरठ रोड से एनएच नौ जाने-आने वाले वाहन एएलटी सेंटर से होते हुए हापुड़ चुंगी और डायमंड फ्लाईओवर के जरिये एनएच नौ और दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे आ जा सकते हैं। इन मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक देखते हुए जीडीए ने नया प्लान तैयार किया है। योजना के तहत प्राधिकरण संजयनगर सेक्टर-23 के एएलटी सेंटर से हापुड़ चुंगी होते हुए कविनगर थाने से आगे शास्त्रीनगर चौराहे तक फ्लाईओवर बनेगा।

इस परियोजना को पूर्व में शासन भी मंजूरी दे चुका। ऐसे में जीडीए ने निर्माणाधीन एजेंसी का चयन भी कर लिया है, जिसे एक हफ्ते के भीतर वर्क आर्डर जारी कर दिया जाएगा। अधिकारी बताते हैं कि नवरात्रि के दौरान एजेंसी फ्लाईओवर का निर्माण शुरू कर सकती है, जिसे एक साल के भीतर तैयार कर लिया जाएगा।

एक्सप्रेसवे से राजनगर एक्सटेंशन की दूरी होगी कम

एनएच नौ और डीएमई को जोड़ने के लिए मुख्य रूप से एएलटी सेंटर से हापुड़ चुंगी होते हुए शास्त्रीनगर के जरिये डायमंड फ्लाईओवर वाला मार्ग है। इस मार्ग का प्रयोग गाजियाबाद क्षेत्र के सभी लोग करते हैं। साथ ही राजनगर एक्सटेंशन के लोग भी इसी मार्ग के जरिये एनएच नौ और डीएमई पकड़ते हैं। ऐसे में इस मार्ग का महत्व सबसे अधिक है।

बता दें कि हापुड़ चुंगी पर सुबह और शाम के वक्त लंबा जाम लगता है। जाम को खत्म करने के लिए एएलटी से शास्त्रीनगर तक फ्लाईओवर बनेगा। कलेक्ट्रेट से चुंगी होते हुए सीबीआई एकेडमी तक फ्लाईओवर बनाने की भी चर्चा की गई, लेकिन उससे ज्यादा जरूरी एएलटी मार्ग पर बनाने तय हुआ।

125 करोड़ रुपये खर्च होंगे

इस फ्लाईओवर की लंबाई करीब 1.2 किलोमीटर तक होगी। परियोजना की लागत करीब 125 करोड़ है, जो क्षेत्रीय अवस्थापना निधि से खर्च होगा। चार लेन के फ्लाईओवर के तैयार होने से लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। अधिकारी बताते हैं कि फ्लाईओवर बनाने से पूर्व जो सर्वे किया था, वह पूरी तरह सफल रहा है।

नंद किशोर कलाल, उपाध्यक्ष, जीडीए, ''हापुड़ चुंगी पर फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार है। इसे बनाने वाली एजेंसी का चयन कर लिया है। नवरात्रि में इसका काम शुरू करने की योजना है। फ्लाईओवर के तैयार होने से लोगों को जाम से राहत मिलेगी।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsगाजियाबाद में बनेगा 1.2 KM लंबा नया 4 लेन फ्लाईओवर, नवरात्र में शुरू होगा काम