
मिलावट का गंदा खेल, गाजियाबाद में कहां से आया साढ़े सात कुंतल नकली पनीर?
संक्षेप: जिला अभिहित अधिकारी अरविंद कुमार यादव ने बताया कि मंगलवार देर रात खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम जनपद की सभी सीमाओं पर तैनात थी। यूपी गेट पर तैनात टीम ने करीब रात एक बजे अलीगढ़ से आ रहे माल वाहक वाहन को रोका और उसकी जांच की।
गाजियाबाद के खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार देर रात अलीगढ़ से लाए जा रहे सात कुंतल मिलावटी पनीर नष्ट कराया। इसके साथ ही विभाग की अन्य टीम ने 300 किलोग्राम मिलावटी खोए के नमूने लेकर उसे भी नष्ट कराया।

जिला अभिहित अधिकारी अरविंद कुमार यादव ने बताया कि मंगलवार देर रात खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम जनपद की सभी सीमाओं पर तैनात थी। यूपी गेट पर तैनात टीम ने करीब रात एक बजे अलीगढ़ से आ रहे माल वाहक वाहन को रोका और उसकी जांच की। इस दौरान 750 किलो मिलावटी पनीर के नमूने लेकर उसे मौके पर नष्ट कराया। वहीं, दूसरी टीम चौपला मंदिर के पास तैनात थी।
मेरठ से माल वाहक वाहन में बोरियों में भरकर लाया जा रहा 300 किलो मिलावटी खोए को पकड़ा। नमूना लेकर इसे भी मौके पर नष्ट कराया। अधिकारी ने बताया कि विभाग द्वारा अभियान चलाकर अब तक जनपद से कुल 126 नमूने खाद्य पदार्थों के लिए जा चुके हैं। इसमें विभिन्न प्रकार जैसे खोए की मिठाई, सोनपापड़ी, बर्फी, मेवों की मिठाई के साथ अन्य खाद्य सामग्री शामिल हैं।
इसके अलावा कृषि विभाग और एसटीएफ आगरा की टीम ने मुरादनगर में बंबा रोड कॉलोनी में एक गोदाम पर छापेमारी कर एक हजार से अधिक खाद के कट्टे बरामद किए। पुलिस ने गोदाम को सील कर सैंपल जांच के लिए भेज दिए।
एसटीएफ आगरा को सूचना मिली कि मुरादनगर में बंबा रोड पर एक गोदाम में भारी मात्रा में नकली डीएपी उर्वरक रखा गया है। इसे नामी कंपनी के कट्टे में पैक कर आगरा में भी बेचा जाता है। इसके बाद एसटीएफ आगरा के निरीक्षक यतीन्द्र शर्मा अपनी टीम के साथ मुरादनगर पहुंचे। उन्होने जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार के साथ छापेमारी की। गोदाम पर एक हजार से अधिक डीएपी के कट्टे सहित अन्य सामान बरामद किया गया।
जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि गोदाम का मालिक ताज चौधरी है और उसे किराए पर राहुल सिंघल निवासी साहिबाबाद ने ले रखा है। एसटीएफ आगरा के साथ कृषि विभाग ने गोदाम पर छापेमारी की कार्रवाई कर एक हजार कट्टे डीएपी सहित अन्य सामान बरामद किया। गोदाम संचालन का कोई लाइसेंस नहीं है।





