गाजियाबाद की मॉडल से सालों तक यौन शोषण, 3 बार अबॉर्शन; धर्मांतरण के प्रयास का भी आरोप

हिन्दुस्तान, मेरठ/गाजियाबाद
Follow us on Google News
share

गाजियाबाद की एक मॉडल ने लिव-इन पार्टनर द्वारा एक्ट्रेस बनाने और शादी करने का झांसा देकर सालों तक यौन शोषण करने आरोप लगाया है। पीड़िता आरोपी के साथ मुंबई में रहती थी, जहां उसका तीन बार गर्भपात भी कराया गया।

गाजियाबाद की मॉडल से सालों तक यौन शोषण, 3 बार अबॉर्शन; धर्मांतरण के प्रयास का भी आरोप

गाजियाबाद की रहने वाली एक मॉडल को मेरठ के सरधना निवासी वसील ने एक्ट्रेस बनाने का झांसा देकर कथित तौर पर यौन शोषण किया। आरोपी ने मॉडल को शादी का वादा कर मुंबई में अपने साथ लिव इन रिलेशन में भी रखा। आरोप है कि वसील ने युवती का धर्मांतरण कराने की कोशिश भी की और अब उसने शादी करने से इनकार कर दिया है।

गाजियाबाद निवासी युवती मॉडल है और स्टेज शो समेत विज्ञापन आदि की शूटिंग में काम करती है। युवती ने बताया कि वर्ष 2015 में उसकी मुलाकात सरधना के आजादनगर निवासी वसील से हुई थी, जो फोटो शूट और मॉडलिंग करता था। युवती ने आरोप लगाया कि प्रेम जाल में फंसाकर वसील उसे मुंबई में फिल्मों में काम दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। इसके बाद दोनों मुंबई में एक ही फ्लैट में लिव-इन में रहे।

तीन बार कराया गर्भपात

इस दौरान आरोपी ने तीन बार जबरन उसका गर्भपात कराया और करियर का हवाला देकर चुप करा दिया। अब इतने समय साथ रहने के बाद वसील ने कहीं और शादी कर ली है। इसकी जानकारी मिलने पर सोमवार को वह वसील के सरधना स्थित आवास पर पहुंची और हंगामा कर दिया। यहां से युवती अपने परिजनों के साथ मेरठ एसएसपी अविनाश पांडेय के कार्यालय पहुंची और उसके खिलाफ तहरीर दी। युवती का आरोप लगाया कि वसील ने शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। उसका माइंड वॉश कर कई बार धर्मांतरण का प्रयास किया गया, लेकिन वो नहीं मानी। पुलिस अधिकारी के अनुसार युवती की शिकायत के बाद मामले की जांच की जा रही है।

आरोपी युवक पर धमकी देने का आरोप

युवती ने बताया कि वसील की शादी की बात पता चलने पर वह सरधना पहुंची थी। इस दौरान वसील और उसके परिजनों ने हत्या की धमकी दी। साथ ही मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। उसके पास वसील के साथ के फोटो-वीडियो और रकम देने के साक्ष्य हैं। युवती की ओर से वसील, उसके परिजनों और दो अज्ञात के खिलाफ गंभीर आरोप लगाकर तहरीर दी गई है।

झांसा देकर 50 लाख रुपये भी लिए

युवती ने ये भी आरोप लगाया कि मुंबई में रहने के दौरान वसील का खर्च भी वह खुद ही उठाती थी। 11 साल में वसील ने उससे करीब 50 लाख रुपये लिए। एसएसपी मेरठ अविनाश पांडेय ने बताया कि युवती ने शिकायत देकर यौन शोषण, धर्मांतरण के प्रयास और कई अन्य आरोप लगाए गए हैं। सीओ सरधना को जांच और कार्रवाई का आदेश दिया गया है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।