
गाजियाबाद में स्कूटी समेत नाले में गिर गया शख्स, मुश्किल से सीढ़ी लगाकर बाहर निकाला; VIDEO
Ghaziabad Viral Video: गाजियाबाद के इंदिरापुरम में नगर निगम की लापरवाही के कारण एक दिव्यांग युवक स्कूटी समेत खुले नाले में गिर गया, जिसे गार्ड की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास नगर निगम की लापरवाही का खामियाजा दिव्यांग को भुगतना पड़ा। गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे दिव्यांग युवक स्कूटी समेत खुले नाले में गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी जान बचाई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया में वायरल हो रहा। स्थानीय निवासी किशोर ठाकुर ने बताया कि दिव्यांग संतोष खोड़ा का निवासी है। वह सुबह करीब साढ़े आठ बजे बाजार में सामान खरीदने आया था।
स्कूटी को कर रहा था बैक
घर लौटते समय वाहन को पीछे करते हुए संतुलन बिगड़ने पर वह स्कूटी समेत नाले में गिर गया। हालांकि, तत्काल सीढ़ी लगाकर युवक को बाहर निकाला गया। वहीं, क्रेन की मदद से स्कूटी को भी बाहर निकाला गया। इस हादसे में युवक को हल्की चोटें आईं। स्थानीय निवासी ओमवीर ठाकुर ने बताया कि इससे पहले 21 अगस्त की रात भी एक युवक इसी स्थान पर गिरा था, जिसे मौके पर मौजूद गार्डों ने बचा लिया था।
सफाई के लिए तोड़ा था रैंप
लोगों ने बताया कि नाले पर बना रैंप पांच जुलाई को नगर निगम ने सफाई के लिए तोड़ा था, लेकिन दोबारा ढका नहीं गया। इस वजह से लगातार खतरा बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि इस मुद्दे पर निगम अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस प्रकरण में जांच बैठाई नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का कहना है कि नाला से पक्का अतिक्रमण हटाते हुए सफाई कराई गई। इसके बाद बैरिकेडिंग की गई और सावधानी का बोर्ड भी लगाया गया था। मामले में जेई पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जांच कराई जा रही है। निर्माण विभाग को जाली बनाकर तत्काल लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं l कई इलाकों में नालों पर सुरक्षा दीवार नहीं इंदिरापुरम में कई स्थानों पर नाला बनाया जा रहा। यहां पर हादसे का खतरा बना हुआ है।
वसुंधरा सेक्टर पांच और राजेंद्रनगर में भी मुख्य नाले की सुरक्षा दीवार टूटी हुई है। डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क के पास इस नाले में कई लोग गिरने से बचे हैं। इसको लेकर स्थानीय लोगों में रोष भी है। पहले भी हो चुके हादसे जुलाई 2025 में विवेकानंद नगर में तेज बारिश के कारण एक झुग्गी की दीवार ढह गई। उसके नीचे बैठी 30 वर्षीय जुनैदा खातून नाले में गिर गईं और डूब गईं। बाद में उनका शव मिला। मार्च 2025 में न्यू लिंक रोड के पास खेलते समय सात साल का बच्चा खुले नाले में गिर गया और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने नगर निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। अगस्त 2024 में लोनी बॉर्डर क्षेत्र में बारिश के दौरान नाला पार करने की कोशिश करते समय भोला नामक व्यक्ति नाले में गिरा और उसकी मौत हो गई।





