Hindi Newsएनसीआर NewsGhaziabad landlady murder case: maid locked tenant couple inside thier flat after seeing blood on floor
मेड की चतुराई से गाजियाबाद में मकान मालकिन के मर्डर का खुलासा, फर्श पर खून देख किया ये काम

मेड की चतुराई से गाजियाबाद में मकान मालकिन के मर्डर का खुलासा, फर्श पर खून देख किया ये काम

संक्षेप:

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की ओरा कायमेरा सोसाइटी में मकान मालकिन हत्याकांड के खुलासे में नौकरानी मिन्नी की अहम भूमिका रही। किरायेदार के फ्लैट में फर्श पर खून देखने के बाद मिन्नी ने आरोपी दंपती को कमरे में बंद कर दिया था। 

Dec 19, 2025 07:30 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गाजियाबाद, योगेन्द्र सागर
share Share
Follow Us on

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की ओरा कायमेरा सोसाइटी में बुधवार रात किराया मांगने गई मकान मालकिन की हत्या कर दी गई। किरायेदार दंपती ने कुकर से हमला करने के बाद गला घोंटकर महिला को मार डाला और शव को सूटकेस में भरकर बेड के अंदर छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी दंपती को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। इस हत्याकांड के खुलासे में नौकरानी मिन्नी की अहम भूमिका रही। किरायेदार के फ्लैट में फर्श पर खून देखने के बाद मिन्नी ने आरोपी दंपती को कमरे में बंद कर दिया था। साथ ही शोर मचाकर पड़ोसियों को इकट्ठा किया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

पुलिस के मुताबिक, किराया मांगने के विवाद में मकान मालकिन दीपशिखा की हत्या करने के बाद आरोपी अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बना ली थी। शव को लाल रंग के सूटकेस में भरकर बाहर ले जाने की तैयारी कर चुके थे। इसके लिए ऑटो भी बुला लिया था।

दीपशिखा की नौकरानी मिन्नी ने बताया कि बुधवार रात 10 बजे वह दीपशिखा को तलाश रही थी। उसने किरायेदार अजय गुप्ता को सूटकेस के साथ ऑटो में बैठते देखा। मिनी ने दीपशिखा के बारे में पूछा, जिस पर अजय ने कहा कि उसे घर जाना है। इस पर मिनी ने कहा कि जब तक मकान मालकिन नहीं मिलेगी, वह कहीं नहीं जाएगा। इससे अजय घबरा गया और सूटकेस लेकर वापस अपने फ्लैट में लौट गया। मिन्नी का कहना है कि वह फ्लैट में गई तो अजय उसे बातों में उलझाने लगा। जाते समय उसकी नजर रसोई के फर्श पर खून की बूंदों पर पड़ी तो शक हुआ। वह घबराकर बाहर निकली और दरवाजे पर कुंडी लगाकर अजय और आकृति को अंदर बंद कर दिया। इसके बाद वह चिल्लाने लगी, जिससे सोसाइटी के लोग और पुलिस पहुंच गई।

तीन घंटे में दूसरी बार किराया मांगने गई थीं दीपशिखा : उमेश शर्मा के मुताबिक, दीपशिखा नौकरानी को साथ लेकर ही किराया मांगने जाती थीं। बुधवार शाम 5 बजे वह मिन्नी के साथ किरायेदार के फ्लैट पर गई थीं, लेकिन आकृति ने पति के घर पर न होने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया। रात करीब 8 बजे दीपशिखा दोबारा अकेले ही किराया मांगने चली गईं। माना जा रहा है कि अगर दीपशिखा उस वक्त भी मिन्नी को साथ ले जातीं तो शायद यह वारदात टल सकती थी। बता दें कि आरोपी आकृति गुप्ता भी मेड के साथ मिलकर दीपशिखा को खोजने का नाटक करती रही, ताकि उन पर किसी को शक न हो।

अजय ने पत्नी को बचाने का प्रयास किया

पुलिस के सामने आरोपी अजय गुप्ता ने हत्या की पूरी जिम्मेदारी खुद ले ली और पत्नी को बचाने की कोशिश की। उसने कहा कि वारदात में उसकी पत्नी का हाथ नहीं है, लेकिन अजय की बात सुनते ही आकृति टूट गई और उसने सच्चाई बयां कर दी। आकृति ने कबूल किया कि उसने चुन्नी से दीपशिखा का गला घोंटा था। इसके बाद दोनों ने मिलकर शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी दंपती लंबे समय से आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहा था। अजय गुप्ता ने बताया कि उसकी दोनों किडनी खराब हैं और इलाज पर भारी खर्च हो रहा था। ट्रांसपोर्ट का कारोबार पूरी तरह ठप हो चुका था। फरवरी 2025 में किराये पर फ्लैट लेने के बाद हालात और बिगड़ते चले गए, जिसके चलते वह किराया भी नहीं चुका पा रहा था। बीमारी, आर्थिक संकट और संतान न होने की पीड़ा ने उनकी मानसिक स्थिति को और बिगाड़ दिया था।

केमिकल कंपनी में जनरल मैनेजर हैं दीपशिखा के पति

मूलरूप से हापुड़ के इंद्रलोक कॉलोनी निवासी उमेश शर्मा के ओरा कायमेरा सोसाइटी में दो फ्लैट हैं। एम-ब्लॉक के फ्लैट नंबर-105 में उनकी 48 वर्षीय पत्नी दीपशिखा शर्मा निवास करती थीं। उमेश शर्मा फरीदाबाद में एक केमिकल कंपनी में जनरल मैनेजर हैं और वहीं रहते हैं। दंपती की इकलौती बेटी दिल्ली में रहकर निजी कंपनी में नौकरी करती है। दीपशिखा गौतमबुद्ध नगर स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रशासनिक विभाग में कार्यरत थीं।

उमेश शर्मा ने बताया कि दूसरा फ्लैट सोसाइटी के एफ-ब्लॉक में है, जिसे अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति को 18 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर दे रखा है। अजय पहले ट्रांसपोर्ट का काम करता था, लेकिन कुछ समय से कारोबार ठप चल रहा था। आर्थिक तंगी के चलते दंपति को संजयनगर स्थित अपना मकान बेचना पड़ा, जिसके बाद वह उमेश शर्मा के फ्लैट में रहने लगे। दंपती ने पांच माह से किराया देना बंद कर दिया था।

90 हजार रुपये मांगने पर कहासुनी हुई : उमेश शर्मा का आरोप है कि पांच माह का किराया करीब 90 हजार रुपये बकाया हो गया था। दीपशिखा बुधवार शाम नौकरानी मिन्नी को बताकर फ्लैट पर किराया मांगने गई थीं। पुलिस जांच में सामने आया है कि वहां किराये को लेकर आरोपी दंपति से कहासुनी हो गई। आरोप है कि आकृति ने गुस्से में दीपशिखा को धक्का दे दिया। विवाद बढ़ने पर अजय गुप्ता ने कुकर उठाकर दीपशिखा के सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद दंपती ने दीपशिखा की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपियों ने शव को लाल रंग के सूटकेस में रखा और उसे बेड के अंदर छिपा दिया।

रात तक घर नहीं लौटी तो संदेह गहराया

दीपशिखा रात तक नहीं लौटीं तो नौकरानी मिन्नी को शक हुआ। वह किराएदार के फ्लैट पर पहुंची, जहां आरोपी दंपति ने बताया कि दीपशिखा किराया लेकर जा चुकी हैं। मिन्नी ने उमेश शर्मा को भी यह जानकारी दी। रात करीब 11 बजे उमेश फरीदाबाद से गाजियाबाद पहुंचे। उन्होंने पड़ोसी राणा सिंह और मिन्नी के साथ किरायेदार के फ्लैट की तलाशी ली। इसी दौरान बेड के अंदर रखे लाल रंग के बैग से दीपशिखा शर्मा का शव बरामद हुआ।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दंपती को दबोचा

एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि मृतका के पति की शिकायत पर आरोपी अजय गुप्ता और आकृति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कहासुनी के दौरान गुस्से में आकर उन्होंने यह कदम उठा लिया। एसीपी का कहना है कि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।