
पत्नी ने प्रेमी संग मिल 1 लाख की सुपारी देकर कराई पति की हत्या, खुद अपने सामने कटवाया गला
गाजियाबाद के लिंक रोड थाना क्षेत्र से लापता हुए युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने युवक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवाई थी। इसके लिए एक लाख रुपये की सुपारी भी दी थी।
गाजियाबाद के लिंक रोड थाना क्षेत्र से लापता हुए युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने युवक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवाई थी। इसके लिए एक लाख रुपये की सुपारी भी दी थी। पुलिस हत्याकांड में दो आरोपियों की तलाश कर रही है।

एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि लिंक रोड थाने पर 2 अक्टूबर को मूलरूप से बिजनौर निवासी 34 वर्षीय योगेश की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। योगेश का शव 8 अक्टूबर को पिलखुवा क्षेत्र में जंगल में बरामद हुआ था। इसके बाद 8 अक्टूबर को योगेश के भाई बृजपाल सिंह ने योगेश की पत्नी और उसके प्रेमी आशीष पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
बृजपाल ने पुलिस को बताया था कि योगेश और पूजा की शादी वर्ष 2013 में हुई थी और दोनों के दो बच्चे भी हैं। आशीष को लेकर योगेश और पूजा में अक्सर विवाद होता था और पूजा योगेश को अंजाम भुगतने की धमकी देती थी। योगेश और पूजा लिंक रोड क्षेत्र के साहिबाबाद गांव में दो बच्चों के साथ किराए पर रह रहे थे।
फोन के जरिये पूजा के संपर्क में आया था आशीष : पुलिस के अनुसार पूजा का सुखदेव नाम के व्यक्ति से संपर्क था। सुखदेव और आशीष कर्नाटक में एक टावर लगाने वाली कंपनी में काम करते थे। लगभग दो साल पहले सुखदेव और पूजा का किसी बात को लेकर ब्रेकअप हो गया था। इस पर सुखदेव ने आशीष को पूजा का नंबर देकर उससे सुलह करवाने के लिए कहा था। फोन पर बात करने के दौरान आशीष का पूजा से प्रेम संबंध बन गया और वह कर्नाटक से नौकरी छोड़कर वापस आ गया था। लगभग एक साल तक आशीष पूजा के साथ लिव-इन रिलेशन में रहा था। इसी दौरान दाेनों ने पूजा के पति की हत्या करने की योजना बनाई।
संबंधों का पता चलने पर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस को जांच में पता चला कि पूजा को अपने परिवार से कुछ जमीन मिली थी, जिसे बेचकर उसने रुपये बैंक में जमा करवाए थे। जरूरत पड़ने पर रुपये निकालती रहती थी। जब योगेश को आशीष के साथ उसके संबंधों का पता चला तो उसने विरोध किया। इस पर पूजा ने योगेश से तलाक मांगा था, लेकिन योगेश ने बच्चों के चलते तलाक देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद पूजा ने वकील के जरिये योगेश से तलाक लेने के लिए प्रयास शुरू कर दिए थे। इसके साथ ही उसने आशीष के साथ मिलकर योगेश की हत्या करने की योजना बनानी शुरू कर दी थी।
पहले भी दो बार हत्या का प्रयास किया
एसीपी ने बताया कि योगेश ने पूजा पर एक मुकदमा बिजनौर में दर्ज करवा रखा था। पूजा उस मामले को गाजियाबाद की अदालत में ट्रांसफर करवाना चाहती थी। साजिश के तहत 13 सितंबर को योगेश को बिजनौर बुलाया गया था और चंद्रपाल के साथी प्रवीण को उसका फोटो देकर हत्या करने के लिए कहा था। प्रवीण को बिजनौर में योगेश नहीं मिला। इसके बाद 15 सितंबर को साहिबाबाद स्थित आशीष के कमरे पर योगेश को चंद्रपाल ने यह कहकर बुलाया था कि पूजा का सामान कमरे पर रखा है वह ले जाए, लेकिन योगेश सामान लेने नहीं गया था।
पेपर कटर से गला काटा
पूजा और आशीष ने चंद्रपाल को एक लाख रुपये की सुपारी पर हत्या के लिए तैयार किया था। 7 हजार रुपये दे भी दिए थे। चंद्रपाल ने अपने साथी प्रवीण को भी अपराध में मिला लिया। 24 सितंबर को योगेश अपनी बाइक से पूजा को लेने पिलखुवा पहुंचा तो वहां उसके साथ आशीष भी था। चंद्रपाल और प्रवीण पास में ही छुपे हुए थे। इस दौरान चंद्रपाल ने पीछे से आकर योगेश के गले पर पेपर कटर से वार कर दिया। योगेश जंगल की ओर भागा। इसके बाद आशीष, प्रवीण और पूजा ने योगेश को दबोचा और चंद्रपाल ने गला काट दिया।
ड्रोन से की गई थी शव की तलाश
पिलखुवा क्षेत्र के जंगल में योगेश के शव को तलाश करने के लिए ड्रोन का प्रयोग किया गया था। योगेश के शव को जानवरों ने नोंच लिया था और केवल कंकाल ही बचा था। उसकी पहचान कपड़ों और पास में मिली बाइक से हुई थी।
पहले भी हो चुका रिश्ते का कत्ल
● 7 अक्टूबर 2025 :- मसूरी थाना क्षेत्र में पत्नी ने प्रेमी से करवाई पति आसिफ की हत्या, पत्नी और प्रेमी समेत पांच गिरफ्तार
● 28 सितंबर 2025 :- नंदग्राम थाना क्षेत्र में पत्नी ने पति की ईंट से कूचकर पति की हत्या करने के बाद पति के दोस्तों पर लगाया था आरोप, पत्नी गिरफ्तार
● 18 फरवरी 2023 :- ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की और सिर धड़ से अलग करके दूसरे जिले में फेंक दिया। थाने में गुमशुदगी भी दर्ज करवाई। पति की पहली पत्नी की बेटी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। पूछताछ में खुला हत्या का पूरा राज।





