
गाजियाबाद में अपने घर का सपना होगा पूरा! 3 महीने में नई टाउनशिप हरनंदीपुरम में मिलेंगे प्लॉट
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण 541 हेक्टेयर में 'हरनंदीपुरम' टाउनशिप बसाने जा रहा है, जिसके लेआउट और भूखंडों की योजना तीन महीने में आएगी। साथ ही वर्ष 2026 में हजारों आवंटियों को फ्लैटों का कब्जा भी मिलेगा।
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन के पास नई टाउनशिप हरनंदीपुरम में तीन महीने में भूखंडों की योजना आएगी। इसके लिए जीडीए ने एक सलाहकार एजेंसी चयनित कर ली है, जो योजना का लेआउट तैयार करेगी। इसके बाद भूखंडों की योजना लाकर इस टाउनशिप को बसाने की तैयारी की जाएगी।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने इसके लिए 55 हेक्टेयर जमीन किसानों से खरीद ली, जबकि 115 हेक्टेयर जमीन खरीद की प्रक्रिया चल रही है। जीडीए के सचिव विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि दो चरण में प्रस्तावित टाउनशिप कुल 521 हेक्टेयर में बसेगी। इसमें आठ गांव की जमीन किसानों से खरीदी जाएगी। पहले चरण में पांच गांव की 350 हेक्टेयर जमीन पर टाउनशिप बसेगी। इसके लिए प्राधिकरण को किसानों से करीब 336 हेक्टेयर जमीन खरीदनी है। बाकी जमीन प्राधिकरण के पास पहले से मौजूद है। इसके पहले फेज का लेआउट तीन महीने के भीतर तैयार करने की योजना है, ताकि इसे लॉन्च किया जा सके। उन्होंने बताया कि योजना लॉन्च होने से लोग यहां भूखंड खरीदकर अपना आशियाना बना सकेंगे।
आवासीय और व्यावसायिक भूखंड मिलेंगे
जीडीए सचिव ने बताया कि एजेंसी टाउनशिप के ड्रेनेज सिस्टम, सड़कों की चौड़ाई आदि की योजना बनाएगी। आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों के भूखंड, हरियाली क्षेत्र, स्वास्थ्य सेवा, शैक्षणिक आदि के भूखंडों की योजना लाई जाएगी। इसे पॉकेट में बांटकर विकसित किया जाएगा, ताकि हर पॉकेट में लोगों को सुविधाएं मुहैया कराई जा सकें।
मधुबन बापूधाम में 250 करोड़ से विकास होगा
जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मधुबन बापूधाम योजना की सभी समस्याओं का निस्तारण हो गया है। किसानों को भी भूखंड आवंटित कर दिए हैं। अब वहां वर्ष 2026 में 250 करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए जाएंगे, ताकि आवंटी क्षेत्र में अपना मकान बनाकर रह सके। साथ ही मधुबन बापूधाम आरओबी भी मई तक शुरू करने की योजना है। इसके अलावा शहर में इसी साल बुनकर मार्ट सह एक्सपो मार्ट और कन्वेन्शन सेंटर का निर्माण भी पूरा हो जाएगा। 155 करोड़ की लागत से बने इस बुनकर मार्ट को खोल दिया जाएगा।
77 भूखंडों की योजना आएगी, साढ़े तीन हजार फ्लैट मिलेंगे
जीडीए नंदग्राम में 77 आवासीय भूखंडों की योजना बना रहा है। इसमें 60 वर्ग मीटर से लेकर 210 वर्ग मीटर तक के भूखंड शामिल होंगे, जिनका आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। यह योजना नए वर्ष की शुरुआत में लॉन्च होने की संभावना है। वहीं, प्रधानमंत्री आवासीय योजना (शहरी) के तहत पांच प्रोजेक्ट निर्माणाधीन हैं। इन प्रोजेक्ट में कुल 3,496 फ्लैट तैयार हो रहे हैं। मधुबन बापूधाम योजना में 856, डासना में 432, प्रताप विहार में 1,200, नूरनगर में 480 और निवाड़ी में 528 फ्लैट तैयार हो रहे हैं। इन प्रोजेक्ट में भी कई फ्लैट का ड्रा हो चुका है। प्राधिकरण का दावा है कि वर्ष 2026 में सभी फ्लैट पर आवंटियों को कब्जा दे दिया जाएगा।
शहर की सुंदरता बढ़ाएंगे दो पार्क
कोयल एन्क्लेव में रामायण थीम पार्क विकसित होगा। करीब 22.26 करोड़ रुपये से 5.61 एकड़ क्षेत्र में इसे बनाया जाएगा। वहीं, इंदिरापुरम में संस्कृति दर्शन पार्क भी तैयार किया जा है। वहीं, राजनगर एक्सटेंशन के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम भी बनेगा।





