गाजियाबाद रेप-मर्डर: 4 घंटे तलाश, आवारा कुत्ते ने ढूंढी लाश; बच्ची की मां ने बताई पूरी कहानी

लाइव हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
Follow us on Google News
share

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में निर्माणाधीन मॉल की इमारत में मासूम बच्ची हत्या से पहले उसके साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया था। परिजनों ने बताया कि बेटी की तलाश में एक आवारा कुत्ते ने उनकी मदद की थी।

stray dog

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन के एक निर्माणाधीन मॉल में 7 वर्षीय बच्ची से कथित गैंगरेप के बाद तीसरी मंजिल से नीचे फेंककर हत्या करने का मामला सामने आया है। बच्ची के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है, जिसमें एक नाबालिग है। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा करीब 4 घंटे तक चली तलाश के बाद उसका शव बरामद हुआ था। उन्होंने बताया कि इस काम में एक आवारा कुत्ते ने उनकी मदद की थी।

एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक बच्ची की मां ने बताया कि हमने अपने आस-पड़ोस के साथ ही पूरे इलाके और आस-पास की निर्माणाधीन साइटों पर उसकी खोजबीन की थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। हमने पड़ोसियों से मदद मांगी और वे बड़ी संख्या में मदद के लिए आए। करीब 3-4 घंटे बाद शनिवार देर रात लगभग 12:30 बजे हमें एक निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट में लड़की का खून से लथपथ शव मिला।

लापता बच्ची को तलाश करने के दौरान एक पड़ोसी और इलाके के कुछ अन्य लोग उस निर्माणाधीन इमारत तक पहुंच गए जहां एक सुरक्षा गार्ड तैनात था।

मां के मुताबिक गार्ड ने बताया कि उसने एक बार बिल्डिंग के अंदर से किसी के रोने की आवाज सुनी थी। बिल्डिंग के अंदर काफी अंधेरा था। हम जब अंदर जाकर देखने लगे तब एक आवारा कुत्ता हमारे साथ चल रहा था। कुछ ही देर में वह बेसमेंट की तरफ चला गया और वहीं रुक गया। हम भी उस कुत्ते के पीछे गए तो देखा वहीं पर बच्ची की लाश पड़ी हुई थी। लाश मिलने के बाद रात करीब 1 बजे पुलिस को इस मामले की सूचना दी गई।

लड़की को ढूंढ रहे पड़ोसियों ने बताया कि एक स्थानीय महिला के मुताबिक उसने उन संदिग्धों को देखा था, जो बच्ची को बहला-फुसलाकर बिल्डिंग में ले गए थे।

सीसीटीवी फुटेज में बच्ची को ले जाते दिखे दो आरोपी

पुलिस के अनुसार, निर्माणाधीन मॉल के पीछे बनी झुग्गियों में बिहार के नालंदा जिले का एक परिवार रहता है। वह निर्माणाधीन मॉल में मजदूरी करता है। शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे बच्ची घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई। काफी तलाश करने के बाद भी जब बच्ची नहीं मिली तो परिजनों ने नंदग्राम थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। इसके बाद परिजनों और अन्य लोगों ने निर्माणाधीन मॉल में तलाश शुरू की, जहां बेसमेंट में खून से लथपथ बच्ची का शव मिला। उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था और गर्दन पर चोट के निशान थे। सीसीटीवी फुटेज की जांच में झुग्गियों में रहने वाले दो युवक बच्ची को अपने साथ मॉल की ओर ले जाते दिखाई दिए। फुटेज में बच्ची के हाथ में चिप्स का पैकेट तथा युवकों के हाथ में शराब और कोल्ड ड्रिंक भी थे। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। एक आरोपी शहाबुद्दीन बिहार के अररिया का रहने वाला है, जबकि दूसरा आरोपी अभी नाबालिग है।

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि पोस्टमॉर्टम में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsगाजियाबाद रेप-मर्डर: 4 घंटे तलाश,आवारा कुत्ते ने ढूंढी लाश; मां ने बताई पूरी बात