गाजियाबाद में NH-9 पर चाइनीज मांझे की चपेट में आया युवक; गर्दन की हड्डी तक कटी
गाजियाबाद के एनएच-9 पर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक बाइक सवार डिलीवरी बॉय की गर्दन कटने से दर्दनाक मौत हो गई। हालांकि बाइक पर पीछे बैठा डिलीवरी बॉय का दोस्त सुरक्षित बच गया।

गाजियाबाद के कौशांबी थानाक्षेत्र में NH-9 पर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक युवक की गर्दन कटने से मौत हो गई। बताया जाता है कि युवक नोएडा से गाजीपुर जा रहा था तभी अचानक मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। इससे गर्दन की हड्डी तक कट गई। बाइक बेकाबू होने पर पीछे बैठा उनके दोस्त संभल गया जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बाल-बाल बचा पीछे बैठा शख्स
कौशांबी थानाक्षेत्र में एनएच-9 पर चाइनीज मांझे से बाइक सवार 25 वर्षीय रवि राज की गर्दन कट गई। रवि को गंभीर हालत में पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। हादसे में बाइक पर पीछे बैठा नरेश बाल-बाल बच गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव ले गए।
बिहार के खगड़िया का मूल निवासी था युवक
रवि बिहार के खगड़िया के गोपालपुर गांव के मूल निवासी थे। रवि राज नोएडा के सेक्टर-63 स्थित बहरामपुर में किराये के मकान में परिवार के साथ रहते थे। परिवार में पिता पवन कुमार, भाई प्रिंस और मां हैं। रवि राज ऑनलाइन डिलीवरी का काम करते थे। रवि को गाजीपुर में एक जानकार से रुपये लेने जाना था।
एनएच-9 पर चीनी मांझे में फंसी गर्दन
शनिवार दोपहर रवि पास में किराये पर रहने वाले अपने दोस्त संभल के खादराबाद गांव के मूलनिवासी 32 वर्षीय नरेश के साथ बाइक पर घर से निकले थे। बाइक एक जानकार से मांगी थी, जिसे रवि चला रहे थे। नरेश पीछे बैठे थे। नोएडा से एनएच-9 पर प्रवेश किया और यूपी गेट से पहले अचानक एक चाइनीज मांझा रवि की गर्दन में फंस गया।
बुरी तरह कट गई थी गर्दन
रवि कुछ समझ पाता और ब्रेक लगाता इससे पहले ही मांझे से गर्दन बुरी तरह कट गई। बाइक रोकते-रोकते ही उनका सिर हैंडल पर आ गिरा। इस दौरान बाइक बेकाबू हो गई और पीछे बैठे नरेश ने किसी तरह बाइक पर काबू पाया और सड़क किनारे बाइक रोकी। तब तक खून की धार बहने लगी। बाइक सवार को खून से लहूलुहान देखकर मौके पर भारी संख्या में राहगीर जमा हो गए।
परिजनों का पोस्टमार्टम से इनकार
राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। कौशांबी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल रवि राज को इलाज के लिए वैशाली स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने रवि राज को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सूचना मिलते ही युवक के रिश्तेदार भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन शव को नोएडा ले गए, जहां रवि का अंतिम संस्कार कर दिया गया।


