गाजियाबाद में हाईवे पर पिस्टल तानकर 25 लाख रुपए लूटे, ओवरटेक कर गाड़ी रुकवाई
गाजियाबाद में लूट की एक बड़ी घटना सामने आई है। बदमाशों ने पिस्टल के बल पर एक कारोबारी के बेटे से 25 लाख रुपए लूट लिए। बदमाशों ने मेरठ स्थित फैक्टरी से ही पीछा करना शुरू कर दिया था। लूटपाट का मुख्य आरोपी हत्या के मामले में दस साल की सजा काट चुका है।

गाजियाबाद के वेव सिटी थानाक्षेत्र में स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने शुक्रवार रात गोली मारने की धमकी देकर मेरठ निवासी उद्यमी के बेटे 24.85 लाख रुपए लूट लिए। हाईवे पर हुई घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया। सूत्रों के मुताबिक जांच में सामने आया है कि हवाला के तीन करोड़ रुपये लूटने के लिए हत्या में दस साल की सजा काट चुके पड़ोसी ने घटना की साजिश रची थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर दो गाड़ियां भी कब्जे में ले ली हैं।
मेरठ के लोहिया नगर निवासी नईमुद्दीन ढिकौली में एक्सप्रेसवे के पास कचरा प्रोसेसिंग फैक्टरी चलाते हैं। शुक्रवार रात उनका बेटा गिलमान चचेरे भाई समद और साथी सलीम के साथ कार से दिल्ली जा रहा था। गिलमान के पास 24.85 लाख रुपए थे, जो उसे दिल्ली के जाफराबाद निवासी अपने पार्टनर गयूर को देने थे। गिलमान के मुताबिक, हाईटेक कॉलेज के पास पीछे से आए स्कॉर्पियो सवार हथियारबंद बदमाशों ने उनकी गाड़ी ओवरटेक करके रुकवा लिया।
गोली मारने की धमकी दी
बदमाशों ने लापता लड़की होने की बात कहकर गाड़ी की तलाशी ली। इसके बाद तीनों पर पिस्टल तानकर 24.85 लाख रुपए लूट लिए। विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी गई। समद ने विरोध किया तो बदमाशों ने पिस्टल की बट से उसके सिर पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे स्कॉर्पियो सवार करीब छह बदमाश नईमुद्दीन की फैक्टरी पहुंचे थे और लापता लड़की के वहां छिपे होने का बहाना बनाकर तलाशी लेने का प्रयास किया था।
मुखबिर से मिली थी जानकारी
फैक्टरी में वारदात नहीं कर पाने पर उन्होंने गिलमान की गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया। बदमाशों को मुखबिर से गिलमान के दिल्ली जाने और उसके पास बड़ी रकम होने की जानकारी मिली थी। डासना पहुंचने पर गिलमान को स्कॉर्पियो द्वारा पीछा करने का पता चला। इसके बाद वेव सिटी क्षेत्र में हाईटेक कॉलेज के पास बदमाशों ने थार को रोककर वारदात को अंजाम दिया।
लूट की धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने फिलहाल मुकदमा लूट की धाराओं में दर्ज किया है। वहीं, पीड़ित ने वारदात में 10 से 11 बदमाशों के शामिल होने की बात पुलिस को बताई है। इसके अलावा पुलिस के मुताबिक दो वाहनों में कई बदमाश सवार थे। बड़ी संख्या में हथियारबंद बदमाशों द्वारा वारदात करने के चलते मामले में डकैती की धारा लगाए जाने की संभावना है। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो समेत दो कार बरामद कर ली हैं। तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बदमाशों को रकम की सटीक जानकारी किसने दी थी।
50 लाख से अधिक रकम होने का दावा
गिलमान ने वेव सिटी थाने में शिकायत देकर बताया कि उसने बैंक से करीब 28 लाख रुपए निकाले थे, जिसमें से कुछ रकम कारोबार से जुड़े लोगों को देने के बाद 24.85 लाख रुपए बचे थे। यह रकम उसे दिल्ली में रहने वाले अपने कारोबारी साझेदार को देनी थी। पुलिस ने शिकायत पर 24.85 लाख रुपए की लूट का केस दर्ज किया है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ में 50 लाख रुपए से अधिक रकम लूटे जाने की बात सामने आई है।
हवाला के 3 करोड़ रुपए लूटने थे
घटना के बाद वेव सिटी पुलिस बदमाशों को तलाशने के साथ-साथ मामले को छिपाने में जुट गई। सूत्रों के मुताबिक जांच में सामने आया कि पीड़ित के मोहल्ले में रहने वाले एक व्यक्ति को उद्यमी के हवाला कारोबार और हर शुक्रवार बड़ी रकम लेकर दिल्ली जाने की जानकारी थी। उसे अंदेशा था कि उद्यमी के बेटे के पास हवाला के तीन करोड़ रुपए हैं। हत्या के मामले में दस साल की सजा काटकर करीब डेढ़ वर्ष पहले जेल से बाहर आए इसी पड़ोसी ने तीन करोड़ रुपए लूटने की योजना बनाई थी।


