गाजियाबाद के दंपति ने जहर खाकर दौड़ाई कार, स्कूल वैन से टकराने के बाद दोनों घायल
उत्तर प्रदेश के सिकंदराबाद में चौंकाने वाला एक मामला सामने आया है। गाजियाबाद के एक दंपति ने घरेलू विवाद के चलते जहर खाकर सड़क पर कार दौड़ा दी। तेज रफ्तार कार एक स्कूल वैन से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि स्कूल वैन में कोई बच्चा मौजूद नहीं था। दोनों का इलाज चल रहा है।

उत्तर प्रदेश के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव मंडावरा के पास गुलावठी रोड पर मंगलवार को घरेलू कलह के चलते दंपति ने कार में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसके बाद पति ने सड़क पर कार दौड़ा दी। कार अनियंत्रित होकर एक स्कूल वैन से टकरा गई। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि दंपति की पहचान गाजियाबाद के थाना विजयनगर क्षेत्र स्थित राहुल विहार निवासी 28 साल के संदीप और उनकी पत्नी 25 साल की तान्या के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों मंगलवार सुबह घर से कार लेकर निकले थे। गुलावठी रोड पर गांव मंडावरा के पास कार में दोनों ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया और इसके बाद संदीप ने कार को दौड़ा दिया। कार अनियंत्रित होकर स्कूल वैन से टकरा गई। स्कूल वैन में उस दौरान कोई बच्चा नहीं था।
कार में जहरीले पदार्थ की शीशी मिली
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों को बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। कार की तलाशी के दौरान पुलिस को जहरीले पदार्थ की शीशी मिली। घटना की सूचना परिजनों को दी गई। परिजन दोनों को हायर सेंटर ले गए।
बच्ची को घर पर छोड़कर निकले थे
परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह दोनों घर से घूमने के लिए कहकर निकले थे और छोटी बच्ची को घर पर छोड़कर चले गए। दोनों के बीच क्या बात हुई इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया है कि दंपति के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रख जांच कर रही है। सिकंदराबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में शिकायत नहीं मिली है।
मारपीट कर महिला के कपड़े फाड़े
गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थानाक्षेत्र के दुहाई गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक महिला के साथ मारपीट और उसके कपड़े फाड़ने का मामला सामने आया है। पीड़िता कविता चौधरी ने अपनी जेठानी, भतीजे और जेठानी के दामाद पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दी। एसीपी कविनगर सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि शिकायत के आधार पर 14 जुलाई को तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
केस दर्ज कराने पर पत्नी से मारपीट
ट्रांस हिंडन इलाके में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करवाने को लेकर पति द्वारा पत्नी के साथ आए दिन मायके में पहुंचकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता कल्पना ने खोड़ा थाने में पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्य बली मौर्य ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


