ऐसा कोई आदेश नहीं; नोएडा में 'सारे स्कूल बंद' वाला सौरभ दास का दावा झूठा निकला
गौतम बुद्ध नगर प्रशासन ने सीजेपी के सह-संयोजक सौरव दास के उस दावे को खारिज कर दिया है जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके निरीक्षण के बाद जिले के सभी सरकारी स्कूलों को बंद करने के आदेश दे दिए गए।

कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के सह-संयोजक सौरव दास ने 'स्कूल ठीक करो' कैंपेन के तहत गौतम बुद्ध नगर के एक स्कूल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने एक्स पर दावा किया कि निरीक्षण के तुरंत बाद जिले के सभी सरकारी स्कूलों को बंद करने के आदेश दिए गए। हालांकि, गौतम बुद्ध नगर के डीआईओएस और बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इस दावे को पूरी तरह से झूठा और गुमराह करने वाला बताया। अधिकारियों ने साफ किया कि सभी स्कूल सामान्य रूप से खुले हैं और बंद का कोई आदेश नहीं जारी हुआ है।
सौरव दास ने क्या किया था दावा?
बताया जाता है कि सीजेपी की एक टीम मंगलवार को गौतम बुद्ध नगर के एक स्कूल में 'स्कूल ठीक करो' कैंपेन के तहत पहुंची थी। इसके बाद सीजेपी के को-कन्वीनर सौरव दास ने एक्स पर एक सनसनीखेज दावा किया। उन्होंने कहा कि अभी तो एक स्कूल के निरीक्षण के बाद स्थिति यह है कि जिले के सभी सरकारी स्कूलों को तुरंत बंद करने का आदेश दे दिया गया। आखिर यूपी सरकार क्या छिपाने की कोशिश कर रही है?
एक स्कूल में ही दाखिल होने दिया गया- CJP
सौरव दास इतने पर ही नहीं रुके, उन्होंने दावा किया कि पहले स्कूल के निरीक्षण के बाद उनकी टीम को किसी अन्य स्कूल में प्रवेश नहीं करने दिया गया। सौरव दास ने कहा कि हमारी योजना 5 स्कूलों का दौरा करने की थी लेकिन मंजूरी केवल गढ़ी चौखंडी के एक प्राथमिक स्कूल का दौरा करने की मिली। बाकी जगहों पर हमें प्रवेश नहीं दिया गया। उन्होंने दावा किया कि एक प्रिंसिपल ने उनको बताया कि उन्हें ऐसा करने के लिए अधिकारियों से आदेश मिले थे।
युवाओं से कहा- आप भी ऑडिट करिए
सौरव दास ने युवाओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों का ऑडिट करें। दास ने कहा कि आज हम नोएडा आए हैं। हम अपने 'स्कूल ठीक करो' कैंपेन के तहत यहां के कुछ स्कूलों का ऑडिट करने जा रहे हैं। हम देखेंगे कि बच्चे किन हालात में पढ़ाई कर रहे हैं। नोएडा, यूपी के बेहतर जिलों में से एक है इसलिए उम्मीद है कि स्कूलों के हालात अच्छे होंगे। हालात चाहे जैसे भी हों, हम आपको असलियत दिखाएंगे।
प्रशासन ने दिखाया आईना, बताया फेक
इस दावे को लेकर जैसे ही खबरें सामने आईं गौतम बुद्ध नगर के जिला स्कूल निरीक्षक (DIOS) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय ने सौरव दास और सीजेपी को आईना दिखा दिया। उन्होंने सौरव दास के दावे का खंडन करते हुए कहा कि जिले के सभी स्कूल खुले हैं। स्कूलों को बंद करने का कोई नोटिस जारी ही नहीं किया गया है। इतना ही नहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सौरव दास के दावों को गुमराह करने वाला और झूठा करार दिया।


