गौरव टूरिस्ट ट्रेन कराएगी पूर्वी भारत के बड़े मंदिरों की यात्रा, जानें रूट, डेट और किराया
पूर्वी भारत के सभी बड़े हिंदू मंदिरों के दर्शन की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) की ओर से संचालित भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से पूर्वी भारत के दिव्य मंदिरों की यात्रा कराई जाएगी।

पूर्वी भारत के सभी बड़े हिंदू मंदिरों के दर्शन की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) की ओर से संचालित भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से पूर्वी भारत के दिव्य मंदिरों की यात्रा कराई जाएगी। 10 दिन की इस यात्रा में यात्रियों को वाराणसी, कोलकाता, गंगासागर, पुरी, भुवनेश्वर, कोणार्क, चिलिका और बैद्यनाथ धाम (ज्योतिर्लिंग) के दर्शन करवाए जाएंगे।
आईआरसीटीसी की साइट से टिकट बुकिंग कर पाएंगे यात्री
दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से यह ट्रेन 9 मार्च को रवाना होगी और इसमें लगभग 150 यात्रियों के जाने की व्यवस्था होगी। आईआरसीटीसी की वेबसाइट से यात्री इसकी टिकट बुकिंग कर पाएंगे। आईआरसीटीसी द्वारा भारत गौरव ट्रेन यात्रा के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में यात्रियों को घुमाया जाता है। इस बार पूर्वी भारत के दिव्य मंदिरों का दर्शन कराने के लिए टूर आयोजित किया जा रहा है। इस यात्रा के दौरान यात्रियों को न केवल दिव्य मंदिरों बल्कि यूपी, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के ऐतिहासिक स्थलों पर भी भ्रमण कराया जाएगा।
18 मार्च को सफदरजंग वापस लौटेगी गाड़ी
इस यात्रा में वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के साथ गंगा आरती देखने को मिलेगी। कोलकाता में विक्टोरिया मेमोरियल, काली घाट और दक्षिणेश्वर काली मंदिर, पुरी के जगन्नाथ मंदिर और झारखंडा स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में यात्रियों को ले जाया जाएगा। यह गाड़ी 18 मार्च को सफदरजंग वापस लौटेगी।
पैकेज में क्या-क्या शामिल
भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट गाड़ी में एसी की तीनों श्रेणियों के कोच होंगे। यात्रियों के शाकाहारी भोजन और सुरक्षा का बंदोबस्त भी इस पैकेज में होगा। इस गाड़ी में फर्स्ट एसी का किराया 1,06,940 रुपये प्रति यात्री, सेकेंड एसी में 98,925 रुपये प्रति यात्री और 3 एसी में 79,285 रुपये प्रति यात्री होगा। इसमें यात्री के होटल में ठहरने, खाने, एसी गाड़ी, यात्रा का इंश्योरेंस का खर्च शामिल होगा।


