
वेस्ट दिल्ली में दबदबा बनाने को गोलीबारी करने वाले बदमाश दबोचे, गोल्डी हत्याकांड में वांटेड
वेस्ट दिल्ली में क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है। दबदबा बनाने को लगातार गोलीबारी करने वाले दो बदमाश दबोचे। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि बबलू के साथ इलाके पर कब्ज़े को लेकर पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने फायरिंग की थी।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। पश्चिमी दिल्ली में वर्चस्व स्थापित करने के लिए लगातार गोलीबारी कर दहशत फैलाने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने विकासपुरी फ्लाईओवर के पास से दबोचा।
पकड़े गए आरोपी अभिषेक उर्फ अच्चू और मनीष उर्फ करण के पास से एक अर्ध-स्वचालित पिस्तौल, एक तमंचा और तीन कारतूस बरामद किए हैं। क्राइम ब्रांच के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। हाल ही में इन्होंने 27 नवंबर की रात रघुबीर नगर में कथित तौर पर बबलू नाम के व्यक्ति पर गोलियां चलाई थीं।
शुरुआत में किसी पक्ष ने गोलीबारी की जानकारी नहीं दी थी, लेकिन पुलिस सत्यापन में मामला सामने आया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि बबलू के साथ इलाके पर कब्ज़े को लेकर पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने फायरिंग की थी।
गोल्डी हत्याकांड में वांछित
अभिषेक उर्फ अच्चू रघुबीर नगर का निवासी है और कुख्यात अपराधी अशोक उर्फ मांडू के साथ जुड़ा हुआ है। वह 2022 में गोल्डी हत्याकांड और अवैध शराब कारोबार में भी शामिल रहा है। वहीं मनीष उर्फ करण भी इसी इलाके का है, जो पहले छोटे-मोटे विवादों में लिप्त रहता था, लेकिन छह महीने पहले अच्चू के साथ मिलकर हथियारों के इस्तेमाल में सक्रिय हो गया।





