दिल्ली के बदरपुर में कुख्यात बदमाश 'गंजा' का एनकाउंटर, 75 से ज्यादा अपराधों में था वॉन्टेड

Apr 04, 2026 11:11 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, राजन शर्मा
share

दिल्ली के बदरपुर इलाके में पुलिस की एसटीएफ एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दिल्ली का कुख्यात बदमाश मोहम्मद सलीम उर्फ 'गंजा' पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। 

दिल्ली के बदरपुर में कुख्यात बदमाश 'गंजा' का एनकाउंटर, 75 से ज्यादा अपराधों में था वॉन्टेड

राजधानी दिल्ली के बदरपुर इलाके में दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। शुक्रवार देर रात पुलिस और एक बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में दिल्ली का कुख्यात मोहम्मद सलीम उर्फ 'गंजा' पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

कैसे हुई मुठभेड़

एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि नासिर और दानिश पहलवान गैंग का सक्रिय सदस्य मोहम्मद सलीम किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से बदरपुर इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस की एक स्पेशल टीम ने उसके आने से पहले ही इलाके में जाल बिछाकर घेराबंदी कर दी। जैसे ही सलीम वहां आया, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली सलीम के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा।

अपराधों का लंबा काला इतिहास

पकड़ा गया आरोपी मोहम्मद सलीम उर्फ 'गंजा' दिल्ली पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सलीम पर हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, चोरी और सेंधमारी जैसे 75 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह 20 से अधिक गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था। वह दिल्ली के चर्चित गैंगस्टर सलीम पहलवान की हत्या में भी मुख्य रूप से शामिल रहा है। वर्तमान में वह नासिर और दानिश पहलवान गिरोह के लिए काम कर रहा था और इलाके में अपना खौफ पैदा कर रहा था।

पुलिस की बड़ी जीत

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और कुछ अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सलीम की गिरफ्तारी से दिल्ली में सक्रिय गिरोहों की कमर टूटेगी और आने वाले समय में अपराध दर में कमी आएगी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि फरारी के दौरान उसे कौन पनाह दे रहा था और वह दिल्ली में किस नए टारगेट पर काम कर रहा था।

बता दें कि, सलीम उर्फ 'गंजा' की गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस की पेशेवर दक्षता और सतर्कता का परिणाम है। 'गंजा' जैसे अपराधियों का पकड़ा जाना आम जनता के बीच सुरक्षा का भाव पैदा करता है। पुलिस की यह कार्रवाई उन अपराधियों के लिए कड़ी चेतावनी भी है जो राजधानी की शांति भंग करने की कोशिश करते हैं।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।