
गाजियाबाद में 6 सड़कों पर मिलेगी फ्री कार पार्किंग, आदर्श रोड के तौर पर होगा कायाकल्प
एनसीआर के शहर गाजियाबाद के इंदिरापुरम, वैशाली और कौशांबी की छह प्रमुख सड़कों के कायाकल्प के बाद वाहन चालकों को निशुल्क पार्किंग की सुविधा भी मिलेगी। 15 माह में सभी सड़कें आदर्श के रूप में तैयार होंगी।
एनसीआर के शहर गाजियाबाद के इंदिरापुरम, वैशाली और कौशांबी की छह प्रमुख सड़कों के कायाकल्प के बाद वाहन चालकों को निशुल्क पार्किंग की सुविधा भी मिलेगी। सीएम ग्रिड योजना के दूसरे चरण में 307 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य में सड़क निर्माण के साथ व्यवस्थित पार्किंग को प्राथमिकता दी गई है। 15 माह में सभी सड़कें आदर्श के रूप में तैयार होंगी।
पार्किंग के लिए अलग से जगह बनाई जाएगी
सीएम ग्रिड योजना के दूसरे चरण का पिछले महीने ही शिलान्यास हुआ था। योजना के तहत सड़कों को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि ट्रैफिक सुचारू रहे और बेतरतीब पार्किंग से होने वाली जाम की समस्या खत्म हो सके। साइड फेंसिंग के स्थान पर पार्किंग के लिए अलग से जगह बनाई जाएगी। पार्किंग का डिजाइन ऐसा होगा कि पैदल यात्रियों को चलने में किसी तरह की परेशानी न हो। सड़क से ऊंचा और सुरक्षित पैदल पार पथ रहेगा, जिस पर वाहन नहीं चढ़ सकेंगे। अभी भी यहां सड़क किनारे वाहन खड़े रहते हैं, लेकिन अव्यवस्थित तरीके से वाहनों के खड़े होने और अतिक्रमण के कारण लोगों को सड़कों पर चलना पड़ता है। काम पूरा होने के बाद इन मार्गों पर अतिक्रमण नहीं होगा। यदि कोई सड़क पर कब्जे की कोशिश करता है तो उस पर तुरंत कार्रवाई होगी।
चार लेन की होंगी सड़कें
सभी मार्ग चार लेन के होंगे। हरियाली और पथ प्रकाश की बेहतर व्यवस्था रहेगी। साइड एरिया में पार्किंग के साथ बैठने के लिए बेंच भी लगाई जाएंगी। सभी छह सड़कों की कुल लंबाई 16 किलोमीटर से अधिक है। इससे एक ओर जहां ट्रैफिक दबाव कम होगा, वहीं दूसरी ओर लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक पार्किंग की बड़ी राहत मिलेगी।
बार-बार खुदाई नहीं होगी
इन सड़कों के निर्माण के बाद बार-बार खुदाई की जरूरत नहीं पड़ेगी। सड़कों के साइड में पहले ही सीवर, पेयजल और विद्युत लाइनों को शिफ्ट किया जाएगा। अतिरिक्त डक्ट भी तैयार किए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में किसी नई लाइन के लिए सड़क तोड़ने की नौबत न आए।
इन मार्गों की सूरत बदलेगी
● इंदिरापुरम का काला पत्थर रोड
● सुशीला नैय्यर रोड से कैप्टन मनोज पांडेय मार्ग तक का मार्ग
● कस्तूरबा गांधी मार्ग से कैप्टन मनोज पांडेय मार्ग तक का कनेक्टिंग रोड
● सुशीला नैय्यर मार्ग से शिप्रा मॉल व काला पत्थर मार्ग तक का मार्ग
● वैशाली सेक्टर 4 व 5 में धर्मा मार्ग और हर्षवर्धन मार्ग से जुड़ा रोड
● डाबर तिराहा से कौशांबी डिपो होते हुए चौधरी चरण सिंह मार्ग तक





