FNG Expressway : एफएनजी एक्सप्रेसवे बनने से जुड़ेंगे NCR के 3 जिले, अधूरा काम जल्द पकड़ेगा रफ्तार

हिन्दुस्तान, नोएडा
Follow us on Google News
share

FNG Expressway Project Update : एफएनजी एक्सप्रेसवे की बाधा जल्द दूर होगी। इसके पूरा होने पर एनसीआर के तीन अहम जिले सड़क मार्ग से सीधे जुड़ जाएंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अफसरों को इसके लिए जमीन अधिग्रहण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

FNG Expressway Project
एफएनजी एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट

निशांत कौशिक, नोएडा

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद (एफएनजी) एक्सप्रेसवे परियोजना का अधूरा काम जल्द पूरा कराया जाएगा। इसके लिए भूमि अधिग्रहण का कुछ काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जा रही है। अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और परियोजना को ई-भूमि पोर्टल पर भी दर्ज कराया गया है।

राह आसान होगी

एफएनजी एक्सप्रेसवे के बनने से नोएडा के आंतरिक हिस्से, ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और कालिंदी कुंज बॉर्डर पर वाहनों का दबाव कम हो जाएगा। अभी बदरपुर, फरीदाबाद आदि स्थानों की ओर जाने के लिए कालिंदी कुंज बॉर्डर एकमात्र रास्ता है।

युवा बिना पर्ची-खर्ची पा रहे सरकारी नौकरियां

मुख्यमंत्री ने ‘हिन्दुस्तान’ से विशेष बातचीत में कहा कि गुरुग्राम में जलभराव और ट्रैफिक जाम की पुरानी समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार व्यापक योजना पर काम कर रही है। विभिन्न विभागों के समन्वय से विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची के पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां दे रही है। शुक्रवार को भी 1,500 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

नायब सैनी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के साथ-साथ तबादला नीति भी पूरी तरह पारदर्शी बनाई गई है। राज्य सरकार सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क डायलिसिस की सुविधा भी उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। गुरुग्राम में विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी राज्य सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है। इसकी समीक्षा वह स्वयं प्रत्येक माह करते हैं। उनका कहना था कि इस परियोजना से हरियाणा में बड़े पैमाने पर निवेश आएगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

नोएडा एयरपोर्ट से हरियाणा को भी लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा में बन रहा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा हरियाणा के सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को भी गति देगा। एफएनजी परियोजना भी दोनों राज्यों हरियाणा और उत्तर प्रदेश के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण है और सरकार इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

जलभराव और जाम से निपटने को बहुस्तरीय योजना

बारिश के दौरान गुरुग्राम में जलभराव की समस्या पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दिशा में प्रभावी कार्य जारी है। उन्होंने दावा किया कि हाल की भारी बारिश के दौरान दो घंटे के भीतर अधिकांश स्थानों से पानी निकल गया था। लो-लाइन क्षेत्रों में अलग ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है।

पुराने नालों की सफाई कराई जा रही है और शहर में स्थापित सभी रिचार्ज वेल को दुरुस्त किया गया है, ताकि वर्षा का पानी सीधे भूजल में समा सके। ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए पुलिस और संबंधित विभाग संयुक्त रूप से विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर रहे हैं। इसके बाद काम शुरू कराया जाएगा।

सुपर-100 योजना ने तस्वीर बदली

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सुपर-100 योजना ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस वर्ष सरकारी स्कूलों के 62 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण की है, जिनमें 39 छात्राएं हैं। इनमें पांच विद्यार्थियों ने 600 से अधिक अंक प्राप्त किए।

विपक्ष पर साधा निशाना

दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के आंदोलन के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष युवाओं और छात्रों को भ्रमित कर उन्हें भड़काने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए कहा कि ऐसे मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय युवाओं के हित में सकारात्मक संवाद होना चाहिए।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsएफएनजी एक्सप्रेसवे बनने से जुड़ेंगे NCR के 3 जिले, अधूरा काम जल्द पकड़ेगा रफ्तार