
रोज सुबह कैब से दिल्ली जा करते थे झपटमारी, गाजियाबाद में 5 लुटेरे भाई-बहनों का गैंग पकड़ा
गाजियाबाद की कविनगर थाना पुलिस ने मंगलवार को राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह की दो महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दो परिवारों के छह भाई चेन लूटते थे, जबकि दो बहनें सुनारों को जेवर बेचने का जिम्मा संभालती थीं।
गाजियाबाद की कविनगर थाना पुलिस ने मंगलवार को राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह की दो महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दो परिवारों के छह भाई चेन लूटते थे, जबकि दो बहनें सुनारों को जेवर बेचने का जिम्मा संभालती थीं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि बीते दिनों कविनगर और मधुबन बापूधाम थानाक्षेत्र के साथ सिटी जोन में छिनैती की घटनाएं बढ़ रही थीं। गिरोह पर लगाम कसने के लिए कविनगर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी। मंगलवार को टीम ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में दौलतपुरा थाना सिहानी गेट निवासी रामा उर्फ राहुल, मोंटी, चिंटू, मंजू रानी और रजनी शामिल हैं, जबकि गैंग में शामिल श्यामा, पंकज और दिनेश अब तक फरार हैं।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने आगे बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह न सिर्फ गाजियाबाद के सिटी जोन में वारदात कर रहे थे, बल्कि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में लूट व छिनैती की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
इन घटनाओं का खुलासा : आरोपियों ने बीते कुछ दिनों में कविनगर, मधुबन बापूधाम और नगर कोतवाली क्षेत्र में पांच घटनाएं करने की बात कबूली है। सभी आरोपियों ने 26 अक्टूबर को गोविंदपुरम निवासी नवनीत कुमार प्रभाकर नाम के व्यक्ति से चेन, 30 अक्टूबर को गोविंदपुरम के ही रहने वाले ब्रह्मसिंह से मोबाइल और 5 नवंबर को राजनगर निवासी प्रतिभा मिश्रा से चेन लूटने की बात कबूल की है। इसके अलावा आरोपियों ने संजयनगर में एक महिला से चेन और नगर कोतवाली क्षेत्र में स्विस होटल के पास एक महिला से मंगलसूत्र लूटना स्वीकार किया है।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने आगे बताया कि आरोपी लूटे गए गहनों को घर में ही गलाने का भी काम करते हैं। बरामद सोने की गोली उन्होंने लूटी गई चेन को गलाकर बनाई थी। इससे पहले भी उन्होंने कई चेन गलाकर बेची हैं, इससे मिले पैसों को आरोपियों ने अपनी गर्लफ्रेंड पर खर्च करने की बात मानी है।
रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी करते थे बाइक
एसीपी कविनगर ने बताया कि आरोपियों ने बताया कि वह तेज दौड़ने वाली दो बाइक नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी करके रखते थे। रोजाना तड़के 5 बजे कैब के जरिये गाजियाबाद से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचते थे। यहां कपड़े बदलने के बाद बाइक से वारदात करने निकल जाते थे। घटनाएं करने के बाद बाइकों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी करके कैब से ही वापस घर लौट आते थे।
आपस में भाई-बहन हैं पकड़े गए सभी आरोपी
एसीपी के मुताबिक, दो परिवारों के भाई-बहनों ने मिलकर गिरोह बनाया हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों में रामा उर्फ राहुल, मंजू और रजनी भाई-बहन हैं। रामा का सगा भाई श्यामा फरार है। इसके अलावा गिरफ्तार मोंटी व चिंटू भी आपस में चचेरे भाई हैं और मोंटी के दो सगे भाई पंकज व दिनेश फरार हैं। आरोपियों ने बताया कि वह लूटे गए जेवर अपनी बहनों मंजू और रजनी को लाकर सौंप देते थे। दोनों बहनें बहाना बनाकर लूट के जेवर सुनारों को बेचा करती थीं।



