
फरीदाबाद में शेयर बाजार और IPO के नाम पर ऐसे ठगे 43 लाख रुपये, 5 गिरफ्तार
आरोपी के बैंक खाते में ठगी के 11 लाख तीन हजार 485 रुपये आए थे। आरोपी बेरोजगार है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
फरीदाबाद में साइबर अपराध थाना की टीमों ने शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश का झांसा देकर 43 लाख 49 हजार रुपये से ज्यादा की ठगी के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर अपराध थाना बल्लभगढ की टीम ने कार्रवाई करते हुए पुणे निवासी अंबादास जगन्नाथ शिरसार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपना बैंक खाता आगे लेकर आगे ठगों को दिया था।

आरोपी के बैंक खाते में ठगी के 11 लाख तीन हजार 485 रुपये आए थे। आरोपी बेरोजगार है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध थाना बल्लभगढ़ की टीम ने गत वर्ष मामला दर्ज किया था। आरोपियों ने पीड़ित से लिंक भेजकर 13 लाख आठ हजार 485 रुपये की ठगी की थी। उधर, पुलिस ने आईपीआई में निवेश से मोटे मुनाफे का झांसा देकर 20 लाख 41 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियाें ने सेक्टर-43, फरीदाबाद वासी एक महिला को व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर उनके व्हाटसऐप पर लिंक भेजकर ऐप को डाउनलोड करवाया था। फिर उसे आईपीओ में निवेश का लालच देकर अपने बैंक खातों में 20 लाख 41 हजार रुपये की ठगीकर ली थी।
एनआईटी साइबर अपराध थाना पुलिस ने हेमंत कुमार निवासी गांव भागया नगर, मोतीहारी बिहार हाल न्यू अशोक नगर, ईस्ट दिल्ली, अभिषेक दुबे मयूर विहार, दिल्ली, राजेश कुमार वासी बांकता, छपरा जिला बिहार हाल न्यू अशोक नगर, ईस्ट दिल्ली , रवि कुमार निवासी बलिया, सीवान बिहार हाल न्यू अशोक नगर, ईस्ट दिल्ली को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी दिल्ली में साथ रहते हैं। हेमंत खाताधारक है जिसके खाता में ठगी के तीन लाख रुपये आए थे और अन्य आरोपियों को इसका बैंक खाता लेकर आगे ठगों को दिया था। सभी आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।





