
NCR में 1 ही दिन में 5 साइबर ठग दबोचे गए, धोखाधड़ी से जुड़ा डिजिटल सामान भी बरामद
आरोपियों के पास से फर्जी सिम, मोबाइल और ठगी से जुड़ा डिजिटल सामान बरामद हुआ है। ये आरोपी फर्जी कंपनी का झांसा देकर ठगी को अंजाम देते थे।
दिल्ली एनसीआर की नूंह साइबर क्राइम पुलिस ने साइबर ठगों की धरपकड़ तेज कर दी है। पुलिस ने एक ही दिन में पांच साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से फर्जी सिम, मोबाइल और ठगी से जुड़ा डिजिटल सामान बरामद हुआ है। जानिए कैसे ये लोग साइबर ठगी को अंजाम दिया करते थे।
फर्जी सिम और बारकोड से ठगी का जाल
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जिले में बढ़ते साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 13 दिसंबर को अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पांच युवकों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में नफीस उर्फ नफ्फी निवासी गांव ठेक, पुन्हाना शामिल है। वह फर्जी सिम और व्हाट्सएप आईडी के जरिए लोगों को झांसे में लेकर ठगी करता था।
पकड़े गए ठगों के मोबाइल से बड़ी संख्या में बारकोड और संदिग्ध स्क्रीनशॉट बरामद हुए हैं। वहीं फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव महूं निवासी सहरून को फर्जी टेक्स्ट मैसेज भेजकर खातों में पैसे मंगाने के आरोप में पकड़ा गया। उसके पास से एक मोबाइल, दो एटीएम कार्ड और 2580 रुपये नकद मिले। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
कंपनी के नाम पर निवेश का झांसा
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार तालीम निवासी बीसरू और हसीन निवासी खामनी गांव, मथुरा उत्तर प्रदेश को भी गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों मिलकर नटराज पेंसिल कंपनी के नाम पर निवेश का लालच देकर लोगों से पैसे ठगते थे। इनके मोबाइल फोन से फर्जी व्हाट्सएप और फेसबुक अकाउंट, कंपनी की तस्वीरें, बारकोड और पेमेंट के स्क्रीनशॉट मिले हैं। कई ऑनलाइन शिकायतें इनके मोबाइल नंबर और आईएमईआई से जुड़ी पाई गईं। पूछताछ में दोनों ने ठगी की बात स्वीकार की है।
मैसेज करके ठगी के आरोपी भी पकड़े
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पिनंगवा क्षेत्र के गांव बूबलहेडी निवासी साहिद खान को भी फर्जी बारकोड और टेक्स्ट मैसेज से ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसके मोबाइल से राजस्थान और कर्नाटक में दर्ज दो ऑनलाइन शिकायतें जुड़ी मिलीं, जिनमें पांच हजार रुपये से अधिक की धोखाधड़ी हुई थी। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला जेल नूंह भेज दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, मैसेज या निवेश ऑफर से सावधान रहें और साइबर ठगी की सूचना तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर दें।





