राजस्थान के भिवाड़ी में दो फैक्ट्रियों में लगी आग, 2 कर्मचारी झुलसे

Subodh Kumar Mishra लाइव हिन्दुस्तान, भिवाड़ी
Follow us on Google News
share

राजस्थान के भिवाड़ी में दो फैक्ट्रियों में आग लगने की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि इन फैक्ट्रियों में आग लगने से 2 कर्मचारी झुलस गए हैं। अभी किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बचाव टीम आग बुझाने में जुटी है।

राजस्थान के भिवाड़ी में दो फैक्ट्रियों में लगी आग, 2 कर्मचारी झुलसे

राजस्थान के भिवाड़ी स्थित यूआईटी औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक फैक्ट्री की छत पर रखे ऑयल टैंकर में हुए ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास की दूसरी फैक्ट्री को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना में दो कर्मचारी झुलस गए, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के उद्योगों में काम कर रहे कर्मचारियों को भी सतर्क किया गया।

ऑयल टैंकर में धमाके से शुरू हुई आग

जानकारी के अनुसार, यूआईटी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित रामको मेटल कंपनी की छत पर रखे ऑयल टैंकर में अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि टैंकर में मौजूद ऑयल चारों ओर फैल गया और आग ने विकराल रूप ले लिया। टैंकर से निकला ज्वलनशील ऑयल पास में स्थित अल्शोक एलएलपी कंपनी तक पहुंच गया, जिससे वहां भी आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही मिनटों में दोनों फैक्ट्रियों के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

अल्शोक एलएलपी कंपनी के कर्मचारी रवि रोघा ने बताया कि आग की शुरुआत पड़ोसी कंपनी की छत पर रखे ऑयल टैंकर में हुए विस्फोट से हुई थी। इसके बाद आग उनकी कंपनी तक पहुंच गई और पूरे परिसर में फैलने लगी। घटना के समय कंपनी के अंदर करीब तीन से चार महिला कर्मचारी और इतने ही पुरुष कर्मचारी काम कर रहे थे। आग बढ़ते देख कर्मचारियों को तुरंत पीछे के दरवाजे से बाहर निकाला गया। कुछ कर्मचारियों ने जान बचाने के लिए फैक्ट्री की पिछली दीवार फांदकर बाहर निकलने का रास्ता चुना। समय रहते कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि रामको कंपनी के दो कर्मचारी आग की चपेट में आने से झुलस गए। दोनों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

दमकल की टीम आग बुझाने में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए काफी देर तक पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया जाता रहा। भिवाड़ी पुलिस भी मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन और कर्मचारियों से घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

दोनों फैक्ट्रियों में अलग-अलग उत्पादों का निर्माण

बताया जा रहा है कि रामको मेटल कंपनी में लोहे की चादरों का निर्माण किया जाता है, जबकि अल्शोक एलएलपी कंपनी कॉस्मेटिक उत्पाद बनाने का कार्य करती है। आग लगने से दोनों फैक्ट्रियों में रखे कच्चे माल और मशीनरी को नुकसान पहुंचने की आशंका है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आंकलन आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि ऑयल टैंकर में हुए ब्लास्ट के कारण यह हादसा हुआ। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। वहीं औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।