Delhi Rithala Fire: दिल्ली के रिठाला में भीषण आग, 50 से ज्यादा झुग्गियां जलकर खाक; जिंदा जली बच्ची
दिल्ली के रिठाला इलाके में गुरुवार तड़के झुग्गियों में भीषण आग लग गई। आगजनी की इस घटना में 50 से अधिक झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं। इस घटना में एक बच्ची की जलकर मौत हो गई।

दिल्ली के रिठाला इलाके में गुरुवार तड़के झुग्गियों में भीषण आग लग गई। आगजनी की इस घटना में 50 से अधिक झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं। इस घटना में एक बच्ची की जलकर मौत हो गई।
सूचना मिलते ही दिल्ली फायर ब्रिगेड सर्विस ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। घनी आबादी वाली झुग्गियों में तेजी से फैल रही आग की लपटों पर काबू पाने के लिए लगभग 16 दमकल गाड़ियां तैनात की गईं। इस घटना में एक बच्ची का जला हुआ शव बरामद हुआ है। शव को पुलिस को सौंप दिया गया है।
जला हुआ शव बरामद
दिल्ली फायर सर्विस ने बताया कि रिठाला झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने के बाद एक लड़की का जला हुआ शव बरामद किया गया। शव पुलिस को सौंप दिया गया। रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास तड़के करीब 4:15 बजे लगी इस आग में 50 से अधिक झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। चार महीने के भीतर इस इलाके में यह दूसरी जानलेवा आग की घटना है।
आग पर काबू पाया गया
एक दमकल अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। आग ने इलाके की कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इलाके में 50 से अधिक झुग्गियां थीं, जिनमें से कई आग में जलकर राख हो गईं। दमकलकर्मियों और स्थानीय पुलिस कर्मियों ने बचाव अभियान चलाया और सुबह 6:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया।
पहाड़गंज में आग लगने के बाद 2 शव बरामद
दिल्ली फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में एक इमारत की चौथी मंजिल पर आग लगने के बाद दो जले हुए शव बरामद किए गए। बुधवार शाम 4:38 बजे आग लगने की सूचना मिली। इमारत की चौथी मंजिल पर स्थित खिलौनों के गोदाम में आग लगी थी।
खिलौनों का गोदाम था
अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही 25 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इमारत में एक बेसमेंट और 4 ऊपरी मंजिलें हैं। अधिकारी ने बताया कि चौथी मंजिल पर एक अस्थायी ढांचा बनाया गया था, जहां खिलौनों का गोदाम चल रहा था। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए कई घंटों तक मशक्कत की।
मृतकों की पहचान नहीं
अधिकारी ने बताया कि गुरुवार तड़के करीब 3:20 बजे बुझाई गई, जिसके बाद गोदाम से दो जले हुए शव बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान और आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


