दिल्ली के उत्तम नगर में देर रात भीषण आग, 400 झुग्गियां जलकर हो गईं राख
दिल्ली के मटियाला गांव के मछली बाजार में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। इस आगजनी में लगभग 300 से 400 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

पश्चिमी दिल्ली के मटियाला गांव स्थित मछली मार्केट इलाके में बुधवार देर रात झुग्गियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 400 झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की नौ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और ढाई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फिलहाल स्थानीय पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच के बाद आशंका जताई जा रही है कि झुग्गियों के पास जमा कूड़े के ढेर में किसी ने सिगरेट या बीड़ी फेंक दी थी, जिसके आग लगी और बढ़कर झुग्गियों तक फैल गई।
दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि रात करीब 11:54 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। शुरुआत में दो वाटर टेंडर, एक बीएफटी और तीन वाटर बाउजर भेजे गए थे। आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में लगातार और गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। कुल मिलाकर दमकल की नौ वाटर टेंडर, आठ वाटर बाउजर, दो बीएफटी, दो मोटर पंप, एक हाई टेंडर, एक आईआरटी और एक एफसीसी सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
दमकल अधिकारियों के अनुसार रात करीब 12:30 बजे आग को मीडियम श्रेणी की घोषित किया गया। मौके पर डीसीएफओ ए.के. मलिक, डीओ संदीप दुग्गल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे और राहत व बचाव कार्य का नेतृत्व किया। करीब 2:20 बजे आग को चारों तरफ से घेर लिया गया और 2:30 बजे आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया, जो तड़के तक जारी रहा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग में करीब 400 झुग्गियां, कई दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गईं। हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।
पुलिस हेड कांस्टेबल रामरतन ने बताया कि आग बहुत करीब आ गई थी, मात्र दो-तीन फीट की दूरी तक। उस समय हमें पता चला कि उस तरफ एक कार खड़ी थी और आग उसके बहुत करीब पहुंच गई थी। मैं वहां गया और कुछ अन्य लोग मेरे साथ आए। उन्होंने पत्थर से कार का शीशा तोड़ दिया और शीशा तोड़ने के बाद कार को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
नोएडा के कंपनी में भीषण आग, कुछ लोग जख्मी
उधर, नोएडा के थाना फेस 1 के अंतर्गत बी 40 सेक्टर 4 नोएडा स्थित कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड कंपनी में भीषण आग लग गई। इस कंपनी में बिजली का मीटर बनाए जाने का काम होता है। वीरवार सुबह अचानक लगी आग के कारणों का पता नहीं चला है। सूचना मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस बल और फायर बिग्रेड की मदद से आग बुझाने का कार्य किया जा रहा है। कुछ व्यक्ति घायल हुए हैं जो अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस उच्चाधिकारी और सीएफओ गौतमबुद्धनगर मौके पर मौजूद है। आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


