आतिशी के वीडियो पर बढ़ा टकराव, पंजाब पुलिस ने दर्ज की FIR; दिल्ली में स्पीकर ने कहा- उन्हें नहीं अधिकार
आतिशी के उस वीडियो के बारे में एक प्रेस नोट जारी करते हुए पंजाब पुलिस ने बताया कि वहां पर उस वीडियो की फोरेंसिक जांच करवाई, इस दौरान पंजाब पुलिस ने दावा किया कि वह वीडियो छेड़छाड़ किया हुआ निकला।

दिल्ली विधानसभा के जिस वीडियो को लेकर भाजपा द्वारा लगातार विपक्ष की नेता और AAP विधायक आतिशी पर सिखों के नौवें गुरु श्री तेग बहादुर का अपमान करने का आरोप लगाया जा रहा है, उसी वीडियो को लेकर पंजाब में एक FIR दर्ज हो गई है। पंजाब पुलिस ने उस वीडियो की फोरेंसिक जांच कराने का दावा करते हुए उसे एडिटेड (छेड़छाड़ किया हुआ) बताया है, और इस मामले को लेकर एक FIR दर्ज कर ली है। इस बारे में एक प्रेस नोट जारी करते हुए पंजाब पुलिस ने दावा किया कि वहां जब उस वीडियो की जांच करवाई, तो वह वीडियो छेड़छाड़ किया हुआ निकला। उधर दिल्ली विधानसभा में भी शुक्रवार की शाम को यह मामला उठा, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने पंजाब पुलिस की कार्रवाई को सदन का विशेषाधिकार हनन मानते हुए कानून के अनुसार ऐक्शन लेने की बात कही है।
इकबाल सिंह नाम के शख्स की शिकायत पर मामला दर्ज
इस बारे में जालंधर पुलिस कमिश्नरेट की तरफ से जारी एक प्रेसनोट में पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 'दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता और विधायक आतिशी का संपादित और छेड़छाड़ किया हुआ वीडियो अपलोड और वायरल के मामले में इकबाल सिंह नाम के शख्स की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।'
पंजाब पुलिस बोली- हमने कराई वीडियो की जांच
पंजाब पुलिस ने बताया कि कई सोशल प्लेटफॉर्म्स पर अलग-अलग पोस्ट्स के जरिए एक छोटी सी वीडियो क्लिप को शेयर किया गया, जिसमें कथित तौर पर दिल्ली विधानसभा की नेता प्रतिपक्ष आतिशी को कथित तौर पर गुरुओं के खिलाफ अपमानजनक और ईशनिंदा वाली टिप्पणियां करते हुए दिखाया गया है, साथ ही इन पोस्ट्स के साथ बहुत भड़काऊ कैप्शन भी लिखे गए हैं।
मंत्री कपिल मिश्रा के एक्स अकाउंट से किया डाउनलोड
इसके बाद पंजाब पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि उस वीडियो क्लिप को दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (https://x.com/kapilmishra ind/status/2008811019158847790?s=48) से डाउनलोड कर लिया गया और फिर उसे वैज्ञानिक और फोरेंसिक जांच के लिए पंजाब के साहिबजादा अजीतसिंह नगर में स्थित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के निदेशक के पास भेजा गया।
रिपोर्ट के आधार पर पंजाब पुलिस ने किया यह दावा
पुलिस के मुताबिक जांच के बाद 9 जनवरी शुक्रवार को फॉरेंसिक रिपोर्ट आ गई। पुलिस प्रवक्ता ने रिपोर्ट के आधार पर इस बात का दावा किया कि सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रही वीडियो क्लिप में सुश्री आतिशी ने अपने ऑडियो में 'गुरु' शब्द नहीं बोला है। इसके अलावा उन्होंने रिपोर्ट के आधार पर वीडियो में जानबूझकर छेड़छाड़ करने का दावा भी किया ताकि कैप्शन में ऐसे शब्द डाले जा सकें जो सुश्री आतिशी ने कभी नहीं बोले।
दिल्ली विधानसभा में भी उठा यह मामला
पंजाब में हुई FIR का मुद्दा दिल्ली विधानसभा में भी उठा और इसे सदस्य अभय वर्मा ने सदन में उठाया। जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इसे सदन का विशेषाधिकार हनन माना। गुप्ता ने कहा कि 'अभय वर्मा द्वारा उठाया गया यह मामला इस सदन की विशेषाधिकार हनन (ब्रीच ऑफ प्रिविलेज) से संबंधित है। जिस वीडियो के आधार पर FIR दर्ज की गई है, वह सदन के भीतर की रिकॉर्डिंग है और सदन की संपत्ति है। इस वीडियो पर इस प्रकार कार्रवाई करना तथा मंत्री के विरुद्ध FIR दर्ज करना गंभीर विषय है। इस संबंध में जालंधर के पुलिस कमिश्नर के विरुद्ध विशेषाधिकार हनन का सीधा मामला बनता है।'
आगे उन्होंने कहा, 'सदन के भीतर की रिकॉर्डिंग केवल सदन की होती है, किसी अन्य की नहीं। ऐसे में यह प्रश्न अत्यंत महत्वपूर्ण है कि किस आधार पर यह मामला दर्ज किया गया। सदन इस पर संज्ञान लेगा और पुलिस कमिश्नर जालंधर के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही पर विचार करेगा, क्योंकि उन्होंने सदन की संपत्ति के साथ अनुचित हस्तक्षेप किया है।'
इसके बाद उन्होंने कहा, 'यह वीडियो क्लिप सदन की संपत्ति है और इसकी रिकॉर्डिंग सदन में हुई है। विपक्ष की मांग पर यह मामला फॉरेंसिक साइंस लैब को भेजा गया, ताकि उनकी संतुष्टि हो सके। रिकॉर्डिंग सदन की होने के कारण इसे ‘टेम्पर्ड’ कहना स्वयं सदन की मर्यादा के विरुद्ध है। इसमें इस षड्यंत्र में जो भी लोग शामिल हैं, उनके खिलाफ यह सदन सख्त कार्रवाई करेगा। सदन इस पूरे मामले का विधिवत संज्ञान ले रहा है।'

लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।




