गाजियाबाद में जनगणना न करने वाले 21 कर्मियों पर FIR, ड्यूटी से नदारद 200 लोगों की लिस्ट तैयार

हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
Follow us on Google News
share

गाजियाबाद नगर निगम ने जनगणना के काम में लापरवाही करने वाले 21 कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज कराई है। इसके अलावा जिला प्रशासन ने भी जनगणना ड्यूटी पर नहीं पहुंचने वाले 200 से अधिक कर्मचारियों की लिस्ट तैयार की है।

गाजियाबाद में जनगणना न करने वाले 21 कर्मियों पर FIR, ड्यूटी से नदारद 200 लोगों की लिस्ट तैयार

जनगणना के काम में लापरवाही करने वाले 21 कर्मचारियों के खिलाफ गाजियाबाद नगर निगम ने मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, जिला प्रशासन ने भी ऐसे 200 से अधिक कर्मचारियों की लिस्ट तैयार की है, जो एक सप्ताह बीतने के बाद भी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे।

गाजियाबाद जनपद में कुल 10,018 प्रगणकों (Enumerators) एवं सुपरवाइजरों (रिजर्व सहित) की नियुक्ति की गई है, जो चरणबद्ध रूप से जनणगना का कार्य करेंगे। इसके लिए पूरे जिले को 16 भागों में विभाजित किया गया है। नगर निगम क्षेत्र के पांच जोन में बांटकर जनगणना का कार्य कराया जा रहा है। जनगणना के पहले चरण में घर-घर का सर्वे किया जा रहा है। इसमें 400 से ज्यादा प्रगणकों ने अभी तक ड्यूटी नहीं ली है।

वहीं, 200 प्रगणकों को प्रशासन की ओर से नोटिस भेजकर कार्रवाई की चेतावनी भेज दी गई है। इसी कड़ी में शुक्रवार को नगर निगम की ओर से 21 प्रगणकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव ने चेतावनी दी है कि यदि संबंधित कर्मियों ने जल्द काम शुरू नहीं किया तो उनके मूल विभागों को सर्विस बुक में प्रतिकूल प्रविष्टि करने के लिए भी लिखा जाएगा। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार ये सभी प्रगणक सिटी जोन, कविनगर और वसुंधरा जोन से जुड़े हैं।

सिटी जोन में 811 प्रगणक लगाए गए

जिला प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में पिछले एक सप्ताह में 90 फीसदी प्रगणकों ने काम शुरू किया है। बड़ी संख्या में प्रगणक ऐसे भी हैं जिन्होंने काम तो शुरू कर दिया है लेकिन पोर्टल पर अभी तक डेटा अपडेट करना शुरू नहीं किया है। जब तक प्रगणक अपना डेटा पोर्टल पर अपलोड नहीं करेंगे, तब तक उनका कार्य शुरू नहीं माना जाएगा।

वहीं, नगर निगम क्षेत्र में मात्र 61 फीसदी काम शुरू सका है। सिटी जोन में 811 प्रगणक लगाए गए हैं। यहां अभी तक केवल 57 प्रतिशत प्रगणकों का काम ऑनलाइन दिखाई दे रहा है। सबसे ज्यादा मोहननगर जोन में 96.5 फीसदी तक काम शुरू हो चुका है। वहीं जिले में डासना, मोदीनगर तहसील और पतला में 100 फीसदी प्रगणक क्षेत्र में उतर चुके हैं। यहां जल्द काम पूरा होने की उम्मीद है।

ड्यूटी कटवाने वाले कर्मचारियों को सता रहा कार्रवाई का डर

ड्यूटी कटवाने के लिए आवेदन देने वाले कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इन कर्मचारियों ने एडीएम के पास आवेदन किया और ड्यूटी पर नहीं गए। अब विभाग की ओर से नोटिस जारी होने के बाद बकर्मचारी जिला मुख्यालय के चक्कर काटते नजर आए। अब कार्रवाई की आशंका से कर्मचारियों में चिंता का माहौल है। वहीं, जनगणना का पहला चरण 20 जून तक चलेगा। इस दौरान मकानों की गणना, भवनों का सत्यापन और परिवारों की जानकारी दर्ज होगी। दूसरे चरण में नौ फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या और जाति आधारित गणना होगी।

अंजनी कुमार सिंह, जिला जनगणना अधिकारी, ''जनगणना के कार्य ने तेजी पकड़ ली है। पूरा काम समय से पहले कर लिया जाएगा। जो कर्मचारी जनगणना कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।