
मंगेतर ने शादी से पहले युवती को मिलने बुलाकर किया दुष्कर्म, फिर मोटा दहेज मांगकर तोड़ा रिश्ता
गाजियाबाद नगर कोतवाली क्षेत्र में शादी का रिश्ता तय होने के बाद मंगेतर द्वारा युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इसी बीच आरोप है कि लड़के ने ऐनवक्त पर करोड़ों के दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शादी से इनकार कर दिया।
गाजियाबाद नगर कोतवाली क्षेत्र में शादी का रिश्ता तय होने के बाद मंगेतर द्वारा युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इसी बीच आरोप है कि लड़के ने ऐनवक्त पर करोड़ों के दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शादी से इनकार कर दिया। युवती द्वारा पुलिस कमिश्नर से की गई शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली युवती का कहना है कि उसका रिश्ता साहिबाबाद की करहेड़ा कॉलोनी में रहने वाले अंकुर चौहान से तय हुआ था। दोनों परिवारों के बीच बातचीत और दहेज की रकम लगभग 60 लाख रुपये तय हुई थी। युवती के मुताबिक, उसके पिता ने शादी में दूल्हे को देने के लिए एक महंगी कार भी बुक कर दी थी। आरोप है कि 24 अक्टूबर को लड़के के ताऊ, चाचा और मां ने उसके पिता को फोन करके मोहननगर स्थित एक मॉल में मिलने के लिए बुलाया। वह दोपहर करीब दो बजे अपने माता-पिता और अन्य परिजनों के साथ मॉल पहुंच गई। वहां लड़का अंकुर, उसके ताऊ, चाचा और मां मौजूद मिले। सभी के सामने अंकुर ने शादी से इनकार कर दिया।
युवती की परिजनों ने शादी तोड़ने का कारण पूछा तो सभी ने कहा कि इस बारे में अंकुर ही बताएगा। इस पर अंकुर ने कहा कि लड़की पक्ष के लोग उनके द्वारा की गई मांग को पूरा नहीं कर रहे हैं। इसके चलते वह शादी नहीं करेगा।
23 दिन पहले ही फ्लैट पर ले जाकर दुष्कर्म किया था
युवती का यह भी आरोप है कि रिश्ता तोड़ने से पहले ही अंकुर चौहान उसके साथ दुष्कर्म कर चुका था। एक अक्टूबर को वह उसे नोएडा सेक्टर-70 स्थित रूमासिया रेजिडेंसी सोसाइटी के एक फ्लैट में ले गया था और शादी होने का हवाला देते हुए उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे। युवती का कहना है कि उसने यह बात अपने परिजनों को इसलिए नहीं बताई कि कुछ दिनों में दोनों की शादी होने वाली थी, लेकिन आरोपी ने अचानक से करोड़ों रुपये के दहेज की मांग शुरू कर दी, जबकि 60 लाख रुपये की बात पहले ही तय हो चुकी थी।
एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी का कहना है कि शिकायत के आधार पर 30 अक्तूबर को अंकुर चौहान के खिलाफ दुष्कर्म और दहेज प्रतिबंध अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





