
17 साल पहले चोरी हुई हथिनी गुजरात में होने का दावा, ढूंढने जाएगी गाजियाबाद पुलिस
गाजियाबाद के असालतपुर से 17 साल पहले चोरी हुई एक हथिनी की तलाश और बरामदगी के लिए पुलिस की टीम गुजरात जाएगी। मामले की जांच कर रहे विवेचक ने उच्चाधिकारियों से इसके लिए अनुमति मांगी है। हथिनी चोरी का मुकदमा पुलिस ने 27 सितंबर 2025 को दर्ज किया था।
गाजियाबाद के असालतपुर से 17 साल पहले चोरी हुई एक हथिनी की तलाश और बरामदगी के लिए पुलिस की टीम गुजरात जाएगी। मामले की जांच कर रहे विवेचक ने उच्चाधिकारियों से इसके लिए अनुमति मांगी है। हथिनी चोरी का मुकदमा पुलिस ने 27 सितंबर 2025 को दर्ज किया था।
असालतपुर में रहने वाले गय्यूर अली ने साल 2000 में बिहार के सोनपुर हाथीसार के मेले से 2.50 लाख रुपये में हथिनी खरीदी थी। 1 जनवरी 2008 को हथनी चोरी हो गई। उन्होंने इसके बाद पुलिस से मदद मांगी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने खुद तलाश शुरू की और जम्मू-कश्मीर में हथिनी को ढूंढ निकाला। जिसके पास हथिनी थी, उसने गय्यूर को धमकी देकर भगा दिया। पीड़ित ने 6 अक्टूबर 2022 को कोर्ट में अपील कर गुहार लगाई। हालांकि, निचली अदालत ने अपील को खारिज कर दिया।
पीड़ित की पैरवी कर रहे वकील दिलशाद चौधरी ने सत्र न्यायालय में याचिका लगाई। न्यायालय के निर्देश पर निचली अदालत ने मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। 27 सितंबर 2025 को जम्मू-कश्मीर के नरवाल मंडी निवासी लक्ष्मण और लक्की के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
देखभाल करने वाले ही ले गए
पीड़ित गय्यूर की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि उन्होंने नरवाल मंडी निवासी लक्ष्मण और लक्की को हथिनी की देखभाल के लिए नौकरी पर रखा था। कुछ समय तक उन्होंने हथिनी की देखभाल की, लेकिन फिर एक दिन दोनों हथनी को लेकर कहीं चले गए।
निर्देश पर टीम को रवाना किया जाएगा
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि हथिनी के गुजरात स्थित एक बड़े पार्क में होने की बात सामने आई है। पीड़ित ने भी इस जानकारी को पुष्ट किया है। विवेचक ने अब तक की जांच रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर टीम को गुजरात रवाना किया जाएगा।





