
महिला क्रिकेटर ने IPL खिलाड़ी पर लगाया रेप का आरोप, नोएडा पुलिस में शिकायत
यूपी की महिला क्रिकेटर ने शादी का झांसा देकर आईपीएल खिलाड़ी पर रेप और मारपीट करने के आरोप के तहत नोएडा एक्सप्रेसवे थाना पुलिस में शिकायत दी है। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…
उत्तर प्रदेश की महिला क्रिकेटर ने शादी का झांसा देकर आईपीएल खिलाड़ी पर दुष्कर्म और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने नोएडा एक्सप्रेसवे थाना पुलिस में शिकायत दी है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने नोएडा के होटल में वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता अपने साथ हुई वारदात की शिकायत लेकर बुधवार को लखनऊ मुख्यालय में पुलिस अधिकारियों से भी मिली।

बता दें कि आईपीएल खिलाड़ी भी 8 नवंबर को बाराबंकी कोतवाली में महिला क्रिकेटर के खिलाफ धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज करा चुका है। पीड़िता हैदराबाद की रहने वाली हैं। वह यूपी की क्रिकेट खिलाड़ी हैं। पीड़िता नोएडा के एक पीजी में रहती है। उसका कहना है कि वह मई 2025 में सोशल मीडिया से आईपीएल खिलाड़ी के संपर्क में आई थी।
आरोप है कि आईपीएल खिलाड़ी ने पहले उसके साथ दोस्ती की। फिर उसके साथ शादी करने का भरोसा दिया। पीड़िता का दावा है कि दोनों जून 2025 से प्रेम-संबंध में हैं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसको 29 जुलाई को सेक्टर-135 के होटल में मिलने के लिए बुलाया। आरोपी ने इस दौरान शादी करने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने जब उस पर शादी करने का दबाव बनाया तो आरोपी ने मारपीट कर भगा दिया। आरोप यह भी है कि 30 जुलाई को एक महिला ने खुद को आईपीएल खिलाड़ी की प्रेमिका बताया और उसको जान से मारने की धमकियां दी। पीड़िता को निजी फोटो, वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। उसके बाद कई बार अज्ञात नंबरों से फोन आए। पीड़िता का कहना है कि उसने 13 अक्टूबर को एक्सप्रेसवे थाना पुलिस से शिकायत किया।



