चाकू की नोक पर युवक से लूट, मोबाइल-नगदी छीनकर फरार
बल्लभगढ़ के आदर्श नगर इलाके में रात में एक युवक से तीन बदमाशों ने चाकू दिखाकर लूटपाट की। बदमाशों ने युवक से मोबाइल फोन और 2500 रुपये नकद छीन लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है।

बल्लभगढ़, अशोक जैन। आदर्श नगर इलाके में देर रात घर लौट रहे एक युवक से बाइक सवार तीन बदमाशों ने चाकू की नोक पर लूटपाट कर ली। आरोपी युवक से मोबाइल फोन और करीब 2500 रुपये नकद छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित महावीर सिंह ने बताया कि वह आदर्श नगर का रहने वाला है और मलेरना रोड रोड स्थित एक निजी कंपनी में काम करता है। बुधवार रात करीब 2 बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद वह पैदल अपने घर लौट रहा था। जब वह दुर्गा मंदिर के पास पहुंचा, तभी पीछे से बाइक पर सवार तीन युवक आए और उसे रोक लिया।
आरोप है कि दो युवकों ने उसके साथ धक्का-मुक्की करते हुए सामान छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर तीसरे युवक ने उसकी गर्दन पर चाकू लगा दिया और जान से मारने की धमकी दी। इससे घबराकर उसने विरोध करना बंद कर दिया, जिसके बाद बदमाश उसकी जेब से मोबाइल और नकदी छीनकर फरार हो गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल यादव ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


