
ग्रेटर फरीदाबाद में युवक पर हमला कर पांव तोड़ा
फरीदाबाद के ग्रेटर फरीदाबाद में एक युवक पर आठ लोगों ने रॉड और डंडों से हमला किया। परांठा खरीदने को लेकर विवाद के बाद युवक का एक पैर टूट गया और अन्य चोटें आईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी अभी तक फरार हैं।
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद में आठ लोगों ने रॉड और डंडों से एक युवक के दोनों हाथ और पैरों पर हमला कर दिया। इस हमले में युवक का एक पैर टूट गया तो दूसरे पैर और दोनों हाथों में चोट लग गई। रेहड़ी वाले से पहले परांठा लेने को लेकर हुई कहासुनी में युवकों ने पीड़ित पर हमला किया था। मंगलवार को खेड़ी पुल थाना पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब तक आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े हैं। पुलिस के मुताबिक, खेड़ी कलांगांव निवासी 26 वर्षीय अशोक अमोलिक कंपनी में नौकरी करता है।
आठ दिसंबर की देर रात वह अपने साथी धीरज के साथ ग्रेटर फरीदाबाद में एकॉर्ड अस्पताल के नजदीक रेहड़ी से परांठा लेने गया था। धीरज जब वहां परांठा ले रहा था तो वहां कुछ युवक और भी खड़े हुए थे। रेहड़ी वाले से पहले परांठा लेने को लेकर उनके बीच झगड़ा हो गया। जब धीरज के साथ मारपीट होने लगी तो अशोक उसे छुड़ाने के लिए चला गया। आरोप है कि इसी दौरान धीरज को छोड़कर वहां मौजूद करीब आठ युवकों ने अशोक पर डंडे और रॉड से हमला कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी फरार हो गए। इस हमले में अशोक के एक पैर की हड्डी टूट गई। वहीं,उसके दूसरे पैर और दोनों हाथों में भी चोट लग गई। इसके बाद घायल ने अपने परिजनों और बाकी साथियों को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। आरोपी ने धमकी भी दी घायल ने बताया कि घटनास्थल से फरार होने से पहले हमलावरों में से एक ने अपना नाम रॉकी बताया था। आरोपी ने धमकी दी कि उसे कानून का डर नहीं है। मंगलवार को पुलिस ने रॉकी और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था, लेकिन अभी तक पुलिस हमलावरों का कुछ भी पता नहीं लगा सकी है। जांच अधिकारी तूहीराम ने बताया कि आरोपियों में से एक नाम रॉकी पता चला है। आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




