जेसी बोस विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के लिए एक मई से दाखिला प्रक्रिया होगी शुरू

Newswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

फरीदाबाद, जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में एक मई से दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। चार नए स्नातक पाठ्यक्रमों की पेशकश की गई है, जिसमें छात्रों को मल्टीपल एंट्री और एग्जिट का विकल्प मिलेगा। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा एक जुलाई से चार जुलाई तक आयोजित होगी।

जेसी बोस विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के लिए एक मई से दाखिला प्रक्रिया होगी शुरू

फरीदाबाद, धनंजय चौहान। जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (वाईएमसीए) में शैक्षणिक सत्र के लिए एक मई से दाखिला प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसे लेकर विश्वविद्यालय की ओर से तैयारियां चालू कर दी गई है। इस बार विश्वविद्यालस में चार नए कोर्सों को शामिल किया गया है, जिनमें दाखिला ले सकते हैं। यह दाखिला प्रक्रिया 31 मई तक चलेगी। जेसी बोस विश्वविद्यालय में करीब सात हजार विद्यार्थी पढ़ते हैं। हर साल की तरह एक बार फिर विश्वविद्यालय की तरफ दाखिला प्रक्रिया की तैयारियां शुरू कर दी गई है। इस बार बीटेक को छोड़कर सभी स्नातक पाठ्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अनुरूप संचालित किए जाएंगे।

विश्वविद्यालय तीन वर्षीय और चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रमों की सुविधा प्रदान कर रहा है, जिसमें छात्रों को मल्टीपल एंट्री और एग्जिट का विकल्प मिलेगा। कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने बताया कि छात्र अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई के विभिन्न चरणों पर कोर्स छोड़कर प्रमाणपत्र या डिप्लोमा प्राप्त कर सकते हैं और बाद में दोबारा प्रवेश लेकर अपनी डिग्री पूरी कर सकते हैं।छात्र ऑनर्स या ऑनर्स विद रिसर्च डिग्री भी प्राप्त कर सकते हैचार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम में छात्र ऑनर्स या ऑनर्स विद रिसर्च डिग्री भी प्राप्त कर सकते हैं, जो उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसके अलावा, तीन वर्षीय स्नातक डिग्री का विकल्प भी पहले की तरह उपलब्ध रहेगा। विश्वविद्यालय ने छात्रों को बहुविषयक शिक्षा का लाभ देने के लिए मेजर के साथ माइनर डिग्री चुनने की सुविधा भी दी है, जिससे वे अपने रुचि और करियर के अनुसार विषयों का संयोजन कर सकेंगे।इस बार एक वर्षीय और दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिग्री पाठ्यक्रम भी हो रहे चालूनए शैक्षणिक सत्र से विश्वविद्यालय एक वर्षीय और दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिग्री पाठ्यक्रम भी शुरू कर रहा है। इससे उन छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा, जो तेजी से उच्च शिक्षा प्राप्त कर रोजगार या शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं। यह व्यवस्था एनईपी-2020 के दिशा-निर्देशों के अनुरूप है और छात्रों को अधिक विकल्प प्रदान करती है। शिक्षा प्रणाली में लचीलापन बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय क्रेडिट फ्रेमवर्क (एनसीआरएफ) और करिकुलम एंड क्रेडिट फ्रेमवर्क (सीसीएफ) के तहत क्रेडिट ट्रांसफर नीति लागू की है। इस नीति के तहत छात्र अपने अर्जित अकादमिक क्रेडिट को एक संस्थान से दूसरे संस्थान या एक कोर्स से दूसरे कोर्स में स्थानांतरित कर सकेंगे। इससे उन छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा, जो किसी कारणवश अपना संस्थान या विषय बदलना चाहते हैं।प्रवेश परीक्षा एक जुलाई से चार जुलाई तक आयोजित होगीदाखिला कार्यक्रम के अनुसार स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा एक जुलाई से चार जुलाई तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा परिणाम 8 जुलाई को घोषित किए जाएंगे, जबकि प्रथम चरण की काउंसलिंग (बीटेक को छोड़कर) 15 जुलाई से शुरू होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को समय-सीमा का ध्यान रखते हुए सभी प्रक्रियाएं पूरी करने की सलाह दी है। निदेशक प्रो. आशुतोष निगम ने बताया कि विश्वविद्यालय इस सत्र में 60 से अधिक पाठ्यक्रमों की पेशकश कर रहा है। इनमें सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सभी बीटेक पाठ्यक्रमों में दाखिला हरियाणा राज्य तकनीकी शिक्षा सोसाइटी (एचएसटीईएस) द्वारा आयोजित ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से होगा। इसके लिए छात्रों को एचएसटीईएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण करना होगा। वहीं, विज्ञान, प्रबंधन और कला संकाय से जुड़े सभी स्नातक पाठ्यक्रमों और समस्त स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में दाखिला विश्वविद्यालय स्तर पर ही किया जाएगा। स्नातक स्तर पर प्रवेश पिछली योग्यता परीक्षा की मेरिट के आधार पर दिया जाएगा, जबकि स्नातकोत्तर स्तर पर विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा के आधार पर चयन किया जाएगा।ये दस्तावेज जरूरीहरियाणा के छात्रों के लिए दाखिला प्रक्रिया के दौरान परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) या फैमिली आईडी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, प्रथम फिजिकल या संस्थान स्तर की काउंसलिंग के दौरान राज्य सरकार की आरक्षण नीति लागू की जाएगी, जिससे पात्र वर्गों को नियमानुसार लाभ मिल सके। विश्वविद्यालय ने छात्रों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 7428954273 और ईमेल admissions@jcboseust.ac.in जारी किया है। किसी भी प्रकार की जानकारी, मार्गदर्शन या समस्या के समाधान के लिए छात्र इन माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं।ये चार नए कोर्स होंगे शुरूकुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय इस सत्र से चार नए स्नातक पाठ्यक्रम शुरू कर रहा है। इनमें बीटेक (गणित एवं कंप्यूटिंग), बीसीए (डेटा साइंस), बीएससी (पर्यावरण विज्ञान) और बीए (अंग्रेजी) शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन कोर्सों को वर्तमान औद्योगिक जरूरतों, तकनीकी विकास और बदलते शैक्षणिक परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, ताकि छात्र भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।